पंजाब की मान सरकार के मंत्री संजीव अरोड़ा गिरफ्तार, ईडी की रेड के बाद हुआ एक्शन

Knews Desk– पंजाब के मंत्री संजीव अरोड़ा के खिलाफ प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने बड़ी कार्रवाई की है। शनिवार सुबह चंडीगढ़ के सेक्टर-2 स्थित उनके आवास पर ईडी की टीम ने छापेमारी की। इससे पहले कुछ दिन पूर्व उनके लुधियाना स्थित आवास पर भी इसी तरह की रेड की गई थी। लगातार दूसरी कार्रवाई के बाद पंजाब की राजनीति में हलचल तेज हो गई है।

सूत्रों के अनुसार, सुबह करीब 20 गाड़ियों में ईडी की टीम मौके पर पहुंची और कई घंटों तक तलाशी अभियान चलाया गया। इस दौरान दस्तावेजों और वित्तीय लेन-देन से जुड़ी जानकारी की जांच की गई। मीडिया रिपोर्ट्स में यह भी दावा किया जा रहा है कि ईडी ने मंत्री संजीव अरोड़ा को गिरफ्तार कर लिया है, हालांकि आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है।

157 करोड़ की कथित अनियमितताओं की जांच

ईडी सूत्रों के मुताबिक, जांच में मंत्री से जुड़ी कुछ कंपनियों में बड़े पैमाने पर वित्तीय गड़बड़ियों के संकेत मिले हैं। इसमें लगभग 157.12 करोड़ रुपये की फर्जी बिक्री और शेल कंपनियों के माध्यम से फर्जी निर्यात के मामले सामने आए हैं। एजेंसी को शक है कि विदेशी संस्थाओं के जरिए पैसों की “राउंड ट्रिपिंग” की गई। जांच के तहत कई बैंक खाते फ्रीज किए गए हैं, जबकि डीमैट अकाउंट और म्यूचुअल फंड होल्डिंग्स को भी अटैच किया गया है।

सीएम भगवंत मान का केंद्र पर हमला

इस कार्रवाई पर पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने केंद्र सरकार और भाजपा पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि यह राजनीतिक प्रतिशोध है और पंजाब को डराने की कोशिश की जा रही है। उन्होंने सोशल मीडिया पर लिखा कि पंजाब गुरुओं की धरती है और इसे किसी भी दबाव से झुकाया नहीं जा सकता। मान ने आरोप लगाया कि चुनावों के समय ईडी और अन्य एजेंसियों का दुरुपयोग किया जाता है। उन्होंने इसे लोकतंत्र पर हमला बताते हुए कहा कि पंजाब इसका कड़ा जवाब देगा।

केजरीवाल का बयान और राजनीतिक आरोप-प्रत्यारोप

आप के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने भी इस कार्रवाई को लेकर केंद्र सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि राजनीतिक दबाव में ईडी की कार्रवाई की जा रही है और इसका उद्देश्य विपक्ष को कमजोर करना है। केजरीवाल ने कहा कि पंजाब के साथ लगातार अन्याय हो रहा है, जिसमें पानी, विश्वविद्यालय और विकास फंड जैसे मुद्दे शामिल हैं। उन्होंने इसे राजनीतिक बदले की कार्रवाई बताया।

सियासी तनाव बढ़ा

लगातार हो रही ईडी की छापेमारी और गिरफ्तारी के दावों के बीच पंजाब की राजनीति में तनाव बढ़ गया है। जहां विपक्ष इसे राजनीतिक साजिश बता रहा है, वहीं जांच एजेंसियां आर्थिक अनियमितताओं की जांच की बात कह रही हैं। मामला अब पूरी तरह से राजनीतिक और कानूनी बहस के केंद्र में आ गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *