बाबा गैंग का भंडाफोड़, सोशल मीडिया से फैला रहा था रंगदारी का नेटवर्क: 6 गिरफ्तार

Knews Desk- संभल में पुलिस ने एक ऐसे गिरोह का पर्दाफाश किया है, जो सोशल मीडिया पर “बाबा गैंग” के नाम से सक्रिय था और लोगों को डराकर रंगदारी वसूलता था। पुलिस ने इस गैंग के 6 सदस्यों को गिरफ्तार किया है। उनके पास से दो तमंचे, कारतूस और एक वाहन भी बरामद किया गया है। पुलिस के अनुसार, यह गैंग सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स पर ग्रुप बनाकर युवाओं को जोड़ता था और फिर उन्हें आपराधिक गतिविधियों में शामिल करता था। गैंग का तरीका था कि ये लोग सुनसान रास्तों पर राहगीरों को रोककर खुद को “बाबा गैंग” का सदस्य बताते और रंगदारी की मांग करते थे। विरोध करने पर आरोपी धमकी देने के साथ हवाई फायरिंग भी करते थे ताकि दहशत पैदा की जा सके।

हाल ही में जुनावई थाना क्षेत्र के दफ्तरा हिमाचल गांव निवासी रामपाल के साथ इसी गैंग ने वारदात की थी। दो दिन पहले रामपाल को रास्ते में रोककर बदमाशों ने रंगदारी मांगी थी। जब उन्होंने पैसे देने से इनकार किया, तो आरोपियों ने उन्हें जान से मारने की धमकी दी और हवाई फायरिंग कर मौके से फरार हो गए थे। इस घटना के बाद इलाके में दहशत फैल गई थी।

मामले की गंभीरता को देखते हुए एसओजी और सर्विलांस टीमों को जांच में लगाया गया। लगातार निगरानी और तकनीकी सुरागों के आधार पर पुलिस ने गैंग के 6 सदस्यों को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में खुलासा हुआ कि आरोपी सोशल मीडिया का इस्तेमाल करके नए सदस्य जोड़ते थे और संगठित तरीके से अपराध को अंजाम देते थे।

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों से आगे की पूछताछ जारी है और गैंग के अन्य संभावित सदस्यों की तलाश की जा रही है। इस कार्रवाई को इलाके में सक्रिय अपराधियों के खिलाफ बड़ी सफलता माना जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *