गर्मियों में लस्सी पीना हर किसी के लिए नहीं होता फायदेमंद, जानें किन लोगों को करना चाहिए परहेज?

KNEWS DESK- गर्मियों का मौसम आते ही लोग शरीर को ठंडक पहुंचाने के लिए तरह-तरह के ठंडे पेय पदार्थों का सेवन करने लगते हैं। तेज धूप और गर्म हवाओं के बीच ठंडी-ठंडी लस्सी पीना लोगों को काफी पसंद आता है। दही से बनी लस्सी शरीर को तुरंत ताजगी और एनर्जी देने का काम करती है, इसलिए इसे गर्मियों का परफेक्ट ड्रिंक माना जाता है।

हालांकि, हर अच्छी चीज की तरह लस्सी के भी कुछ नुकसान हो सकते हैं। यह जरूरी नहीं कि लस्सी हर व्यक्ति के शरीर पर एक जैसा असर करे। कुछ लोगों के लिए इसका सेवन स्वास्थ्य समस्याएं बढ़ा सकता है। ऐसे में यह जानना जरूरी है कि किन लोगों को लस्सी पीने से बचना चाहिए।

गर्मियों में क्यों पसंद की जाती है लस्सी?

लस्सी दही से तैयार की जाती है, जिसमें प्रोटीन, कैल्शियम और प्रोबायोटिक्स जैसे पोषक तत्व पाए जाते हैं। यह शरीर को ठंडक पहुंचाने के साथ-साथ डिहाइड्रेशन से बचाने में भी मदद करती है। इसके अलावा लस्सी पाचन तंत्र को बेहतर बनाने और शरीर को तुरंत ऊर्जा देने का काम भी करती है। यही वजह है कि गर्मियों में इसे नेचुरल कूलिंग ड्रिंक माना जाता है।

लैक्टोज इनटॉलरेंस वाले लोग रहें सावधान

जिन लोगों को दूध या दूध से बने उत्पादों से एलर्जी होती है या जिन्हें लैक्टोज इनटॉलरेंस की समस्या है, उन्हें लस्सी पीने से बचना चाहिए। ऐसे लोगों को लस्सी पीने के बाद पेट दर्द, गैस, सूजन और दस्त जैसी समस्याएं हो सकती हैं। इसलिए दही से बनी चीजों का सेवन सोच-समझकर करना चाहिए।

सर्दी-खांसी और गले की समस्या में न पिएं ठंडी लस्सी

अगर आपको अक्सर सर्दी-खांसी रहती है या गले में खराश की शिकायत रहती है, तो ज्यादा ठंडी लस्सी पीना नुकसानदायक हो सकता है। विशेषज्ञों के अनुसार, ठंडी चीजें गले की परेशानी को बढ़ा सकती हैं। ऐसे में अगर लस्सी पीनी भी हो तो कम मात्रा में और सामान्य तापमान पर ही पिएं।

कमजोर पाचन वाले लोगों को हो सकती है दिक्कत

हर व्यक्ति का पाचन तंत्र अलग तरीके से काम करता है। जिन लोगों का डाइजेस्टिव सिस्टम कमजोर होता है, उन्हें ज्यादा लस्सी पीने से अपच, ब्लोटिंग और गैस जैसी समस्याएं हो सकती हैं। खासतौर पर भारी भोजन के साथ अधिक मात्रा में लस्सी का सेवन करने से पेट संबंधी दिक्कतें बढ़ सकती हैं।

डायबिटीज मरीज मीठी लस्सी से करें परहेज

गर्मियों में मीठी लस्सी का स्वाद भले ही बहुत अच्छा लगता हो, लेकिन यह ब्लड शुगर लेवल को तेजी से बढ़ा सकती है। डायबिटीज के मरीजों को ज्यादा चीनी वाली लस्सी से बचना चाहिए। यदि लस्सी पीनी हो, तो बिना चीनी या हल्के नमक वाली सादी लस्सी सीमित मात्रा में पीना बेहतर माना जाता है।

संतुलित मात्रा में ही करें सेवन

लस्सी गर्मियों का एक हेल्दी और स्वादिष्ट ड्रिंक माना जाता है, लेकिन इसका सेवन संतुलित मात्रा में ही करना चाहिए। अगर आपको पहले से कोई स्वास्थ्य समस्या है, तो लस्सी पीने से पहले अपनी बॉडी की जरूरत और स्थिति को समझना जरूरी है। सही मात्रा और सही तरीके से सेवन करने पर ही यह शरीर को फायदा पहुंचाती है, वरना कुछ लोगों के लिए नुकसानदायक भी साबित हो सकती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *