Knews Desk- नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (National Testing Agency) ने नीट यूजी 2026 को लेकर तेज प्रक्रिया अपनाते हुए परीक्षा के मात्र तीन दिन बाद ही प्रोविजनल आंसर-की जारी कर दी है. इस कदम के बाद अनुमान लगाया जा रहा है कि इस बार नीट यूजी का रिजल्ट मई 2026 में ही घोषित किया जा सकता है.
मेडिकल प्रवेश परीक्षा NEET UG को लेकर यह पहली बार है जब इतनी जल्दी आंसर-की जारी की गई है. इससे पहले कई वर्षों तक यह प्रक्रिया अपेक्षाकृत धीमी रही थी और परिणाम जून या उसके बाद घोषित किए जाते थे.

समय पर सत्र शुरू करने की कोशिश
विशेषज्ञों का मानना है कि NTA इस बार मेडिकल शिक्षा सत्र को समय पर शुरू कराने की दिशा में काम कर रहा है. रिजल्ट जल्दी जारी होने से काउंसलिंग प्रक्रिया भी जल्द पूरी हो सकेगी, जिससे एमबीबीएस और अन्य मेडिकल कोर्स की पढ़ाई समय पर शुरू हो पाएगी. अब तक की प्रक्रिया में नीट रिजल्ट के बाद काउंसलिंग में 2 से 3 महीने का समय लग जाता था, जिससे शैक्षणिक सत्र काफी देर से शुरू होता था और इसका असर छात्रों पर पड़ता था.
पिछले ट्रेंड से बड़ा बदलाव
यदि नीट यूजी 2026 का रिजल्ट मई में जारी होता है, तो यह 2019 के बाद पहली बार होगा जब परिणाम इतनी जल्दी घोषित किया जाएगा. यह बदलाव शिक्षा प्रणाली में एक बड़ा सुधार माना जा रहा है.
छात्रों के लिए राहत की उम्मीद
तेजी से प्रक्रिया पूरी होने पर छात्रों को समय पर कॉलेज आवंटन मिलेगा और सत्र बिना देरी शुरू हो सकेगा. इससे मेडिकल शिक्षा में स्थिरता आने की उम्मीद है. NTA की यह पहल परीक्षा और परिणाम प्रक्रिया को तेज और अधिक पारदर्शी बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है.