पश्चिम बंगाल: दोषियों को फांसी नहीं… बेटे चंद्रनाथ की हत्या पर मां ने क्यों कहा ऐसा?

KNEWS DESK- पश्चिम बंगाल के मध्यग्राम में बीजेपी नेता सुवेंदु अधिकारी के निजी सहायक चंद्रनाथ की हत्या के बाद राज्य की राजनीति में तनाव बढ़ गया है। चुनाव परिणाम आने के बाद हुई इस वारदात ने कानून-व्यवस्था को लेकर नए सवाल खड़े कर दिए हैं। इस बीच चंद्रनाथ की मां का बयान बेहद भावुक और चर्चा का विषय बन गया है। उन्होंने कहा कि वह अपने बेटे के हत्यारों को फांसी नहीं, बल्कि आजीवन कारावास की सजा दिलाना चाहती हैं।

मीडिया से बातचीत में चंद्रनाथ की मां ने कहा कि उनके बेटे की बेरहमी से हत्या की गई, जिसका दर्द वह कभी भूल नहीं सकतीं। उन्होंने कहा, “मैं चाहती हूं कि दोषियों को कड़ी सजा मिले, लेकिन मैं नहीं चाहती कि उन्हें फांसी दी जाए। मैं एक मां हूं और किसी मां की गोद उजड़ते नहीं देखना चाहती। उन्हें उम्रकैद की सजा मिलनी चाहिए।”

उन्होंने आरोप लगाया कि राज्य में राजनीतिक हिंसा का माहौल बनाया गया है। उनका कहना था कि चुनाव के बाद कुछ लोगों ने खुलेआम धमकियां दी थीं और अब वही बातें सच साबित होती दिखाई दे रही हैं।

चंद्रनाथ की मां ने कहा कि अगर उनके बेटे की मौत किसी हादसे में हुई होती तो शायद दुख कम होता, लेकिन जिस तरह से हत्या को अंजाम दिया गया, उसने पूरे परिवार को तोड़ दिया है। उन्होंने आरोप लगाया कि यह कोई सामान्य अपराध नहीं बल्कि सुनियोजित हमला था।

उन्होंने यह भी कहा कि जब से सुवेंदु अधिकारी ने ममता बनर्जी को चुनाव में हराया है, तब से उनके परिवार पर खतरे का माहौल बना हुआ था।

चंद्रनाथ के छोटे भाई देव कुमार ने भी घटना पर दुख जताते हुए कहा कि परिवार को अब तक विश्वास नहीं हो रहा कि चंद्रनाथ उनके बीच नहीं रहे। उन्होंने बताया कि हत्या से कुछ घंटे पहले ही परिवार की उनसे बातचीत हुई थी।

देव कुमार ने कहा, “उनकी किसी से कोई व्यक्तिगत दुश्मनी नहीं थी। जिसने भी इस साजिश को रचा है, उसे कड़ी से कड़ी सजा मिलनी चाहिए।”

घटना के बाद पश्चिम बंगाल बीजेपी अध्यक्ष समिक भट्टाचार्य ने राज्य सरकार और तृणमूल कांग्रेस पर हमला बोला। उन्होंने कहा कि बंगाल में कानून-व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई है और यह मामला राजनीतिक बदले की भावना से जुड़ा हो सकता है।

समिक भट्टाचार्य ने कहा कि जिस तरीके से हत्या को अंजाम दिया गया, उससे साफ है कि अपराधियों ने पूरी तैयारी कर रखी थी। उन्होंने दावा किया कि हमलावर ऐसी गाड़ी में आए थे, जिसका चेसिस नंबर तक बदल दिया गया था। पहले चंद्रनाथ का रास्ता रोका गया और फिर बाइक सवार बदमाशों ने उन पर गोलियां चला दीं।

फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है। घटना के बाद इलाके में सुरक्षा बढ़ा दी गई है। वहीं बीजेपी इस हत्या को राजनीतिक हिंसा बता रही है, जबकि विपक्षी दलों की ओर से भी मामले की निष्पक्ष जांच की मांग उठ रही है। चंद्रनाथ हत्याकांड ने एक बार फिर पश्चिम बंगाल में चुनाव बाद हिंसा और कानून-व्यवस्था को लेकर बहस तेज कर दी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *