बनकर तैयार है अनुष्का शर्मा की ‘चकदा एक्सप्रेस’, फिर भी अटकी रिलीज? दिब्येंदु भट्टाचार्य ने किया बड़ा खुलासा

KNEWS DESK – बॉलीवुड अभिनेत्री अनुष्का शर्मा लंबे समय से बड़े पर्दे से दूर हैं और उनके फैंस उनकी वापसी का इंतजार कर रहे हैं। हालांकि, उनकी चर्चित फिल्म ‘चकदा एक्सप्रेस’ की रिलीज को लेकर स्थिति अब भी साफ नहीं हो पाई है, जिससे दर्शकों की उत्सुकता लगातार बढ़ती जा रही है।

2022 में पूरी हुई थी शूटिंग

झूलन गोस्वामी की बायोपिक पर आधारित इस फिल्म की शूटिंग साल 2022 में पूरी हो गई थी। फिल्म में अनुष्का शर्मा ने भारतीय क्रिकेटर झूलन गोस्वामी का किरदार निभाया है और इसके लिए उन्होंने काफी समय तक क्रिकेट की ट्रेनिंग भी ली थी। फिल्म का निर्देशन प्रोसित रॉय ने किया है। शूटिंग के बाद 2023 में इसका पोस्ट-प्रोडक्शन भी शुरू हो गया था, लेकिन इसके बावजूद फिल्म अब तक रिलीज नहीं हो सकी है।

‘चकदा एक्सप्रेस’ को ओटीटी प्लेटफॉर्म पर रिलीज करने की योजना थी, लेकिन अब तक इस पर भी कोई अंतिम फैसला नहीं लिया गया है। न तो फिल्म की रिलीज डेट सामने आई है और न ही किसी तरह की आधिकारिक घोषणा हुई है।

दिब्येंदु भट्टाचार्य ने किया खुलासा

फिल्म में अहम भूमिका निभा चुके अभिनेता दिब्येंदु भट्टाचार्य ने हाल ही में इस पर प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने बताया कि फिल्म पूरी तरह बनकर तैयार है और उन्होंने अपनी डबिंग भी पूरी कर ली है।

हालांकि, उन्होंने यह भी साफ किया कि फिल्म की रिलीज को लेकर उनके पास कोई जानकारी नहीं है। उनके मुताबिक, इस तरह के फैसले कलाकारों के हाथ में नहीं होते।

रिलीज को लेकर बना सस्पेंस

दिब्येंदु भट्टाचार्य ने यह भी कहा कि उन्होंने डायरेक्टर से कई बार फिल्म की रिलीज के बारे में पूछा, लेकिन उन्हें भी कोई स्पष्ट जानकारी नहीं मिली है। यहां तक कि झूलन गोस्वामी भी इस बात से अनजान हैं कि फिल्म कब दर्शकों तक पहुंचेगी।

अनुष्का शर्मा की आखिरी बड़ी फिल्म साल 2018 में रिलीज हुई ‘जीरो’ थी। इसके बाद उन्होंने कुछ प्रोजेक्ट्स में कैमियो किया, लेकिन ‘चकदा एक्सप्रेस’ उनकी सबसे चर्चित और बहुप्रतीक्षित फिल्म बनी हुई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *