KNEWS DESK – साउथ सुपरस्टार Thalapathy Vijay ने तमिलनाडु विधानसभा चुनाव में शानदार जीत दर्ज कर राजनीति में अपनी मजबूत मौजूदगी साबित कर दी है। उनकी पार्टी Tamilaga Vettri Kazhagam (TVK) ने चुनाव में ऐतिहासिक प्रदर्शन करते हुए Dravida Munnetra Kazhagam (DMK) को बढ़त बनाने का मौका तक नहीं दिया। इस जीत के बाद फिल्म इंडस्ट्री से लेकर राजनीतिक गलियारों तक खुशी का माहौल है।
विजय की इस जीत को लेकर कई लोग इसे सिनेमा की ताकत बता रहे हैं। उनका मानना है कि एक्टर की जबरदस्त फैन फॉलोइंग और जनता से जुड़ाव ने उन्हें यह बड़ी सफलता दिलाई। वहीं कई सितारे विजय को एक नए दौर का नेता बता रहे हैं, जो तमिलनाडु की राजनीति में बड़ा बदलाव ला सकते हैं।
अब इस जीत पर इंडियन फिल्म इंडस्ट्री के दिग्गज म्यूजिक कम्पोजर A. R. Rahman और मशहूर निर्देशक Sandeep Reddy Vanga ने भी अपनी प्रतिक्रिया दी है।
ए.आर. रहमान ने कहा- तमिलनाडु को नई दिशा मिले
ऑस्कर विजेता ए.आर. रहमान ने सोशल मीडिया पर विजय को बधाई देते हुए लिखा कि तमिलगा वेत्री कझगम को दिल से शुभकामनाएं। उन्होंने कहा कि विजय एक ऐसे नेता के रूप में आगे बढ़ें, जो तमिलनाडु को नई ऊंचाइयों तक ले जाए।
रहमान ने अपने संदेश में लिखा कि वे चाहते हैं कि विजय भ्रष्टाचार-मुक्त राजनीति, सामाजिक न्याय और समानता को बढ़ावा दें। उन्होंने यह भी कहा कि एक ऐसी राजनीतिक संस्कृति की जरूरत है, जो समाज में बंटवारे को खत्म करे और तमिल भाषा व तमिल संस्कृति का उत्सव मनाए।
उन्होंने चेन्नई को कला, संस्कृति और समृद्धि से भरे शहर के रूप में विकसित करने की विजय की सोच की भी सराहना की।
संदीप रेड्डी वांगा बोले- यही है सिनेमा की असली ताकत
फिल्म निर्देशक संदीप रेड्डी वांगा ने भी विजय की जीत को सिनेमा की असली ताकत बताया। उन्होंने सोशल मीडिया पर लिखा कि सिनेमा सिर्फ मनोरंजन नहीं करता, बल्कि लोगों को प्रभावित करता है, सिस्टम को हिला सकता है और मौजूदगी को ताकत में बदल सकता है।
उन्होंने कहा कि यहां सिनेमा अब सिर्फ स्क्रीन तक सीमित नहीं है, बल्कि जमीन पर असर दिखा रहा है। यह कोई हाइप या शोर नहीं, बल्कि असली पावर है।
संदीप ने विजय और उनकी पार्टी TVK को दिल से बधाई देते हुए कहा कि यह जीत सिर्फ राजनीति की नहीं, बल्कि जनता के भरोसे की जीत है।
फिल्म स्टार से नेता तक विजय का सफर
थलपति विजय लंबे समय से साउथ सिनेमा के सबसे बड़े सितारों में गिने जाते हैं। उनकी फिल्मों की जबरदस्त फैन फॉलोइंग है और अब राजनीति में भी उन्होंने वही लोकप्रियता साबित कर दी है। उनकी इस जीत को तमिलनाडु की राजनीति में एक नए अध्याय की शुरुआत माना जा रहा है।