Knews Desk-उत्तर प्रदेश के बिजनौर जिले से पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े करने वाला एक मामला सामने आया है। मंडावली थाने की भागूवाला चौकी पर तैनात दरोगा संजय कुमार यादव का एक युवक को पीटते हुए वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। महज 12 सेकंड के इस वीडियो में दरोगा युवक को लगातार थप्पड़ मारते दिखाई दे रहे हैं।
वायरल वीडियो में देखा जा सकता है कि दरोगा संजय कुमार यादव एक युवक पर थप्पड़ों और घूसों की बरसात कर रहे हैं। बताया जा रहा है कि उन्होंने सिर्फ 12 सेकंड के भीतर युवक को छह थप्पड़ जड़ दिए। इस दौरान युवक चुपचाप खड़ा रहता है और विरोध करने की स्थिति में नजर नहीं आता। वीडियो में दरोगा को यह कहते हुए भी सुना जा सकता है-“अभी ढंग से सबक सिखाना बाकी है।
https://www.instagram.com/reel/DX3yeu8SGbE/?utm_source=ig_web_copy_link&igsh=MzRlODBiNWFlZA==
जानकारी के अनुसार, यह घटना उस समय की है जब दरोगा एक गांव में चोरी के मामले की जांच करने पहुंचे थे। युवक पर आरोप था कि उसने स्थानीय दुकान से सामान चुराया है। हालांकि, आरोप है कि दरोगा ने बिना किसी कानूनी प्रक्रिया का पालन किए, मौके पर ही युवक की पिटाई शुरू कर दी और खुद ही सजा देने लगे। वीडियो सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर लोगों की तीखी प्रतिक्रियाएं देखने को मिल रही हैं। कई लोगों ने इसे पुलिस की बर्बरता बताते हुए सवाल उठाया है कि यदि युवक दोषी भी था, तो क्या पुलिस को इस तरह कानून अपने हाथ में लेने का अधिकार है?
मामले की गंभीरता को देखते हुए बिजनौर पुलिस प्रशासन हरकत में आ गया है। अधिकारियों ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘X’ के जरिए जानकारी दी कि इस पूरे प्रकरण की जांच क्षेत्राधिकारी (सीओ) नगीना को सौंप दी गई है। पुलिस ने आश्वासन दिया है कि जांच रिपोर्ट के आधार पर दोषी पाए जाने पर संबंधित दरोगा के खिलाफ सख्त अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी। इस घटना ने एक बार फिर पुलिस के व्यवहार और आम नागरिकों के अधिकारों को लेकर बहस छेड़ दी है। फिलहाल सभी की नजर जांच के नतीजों और प्रशासन की आगे की कार्रवाई पर टिकी है।