दिल्ली में अमित शाह से CM सम्राट ने की मुलाकात, क्या 15-15 के फॉर्मूले पर लग गई मुहर?

KNEWS DESK- बिहार की राजनीति में लंबे समय से प्रतीक्षित कैबिनेट विस्तार को लेकर हलचल तेज हो गई है। राज्य के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने दिल्ली में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से अहम मुलाकात की, जिसे इस पूरे घटनाक्रम का निर्णायक मोड़ माना जा रहा है। इस बैठक के बाद संकेत मिल रहे हैं कि बिहार मंत्रिमंडल विस्तार को लेकर तस्वीर लगभग साफ हो चुकी है।

सूत्रों के मुताबिक, बीजेपी और जेडीयू के बीच बहुप्रतीक्षित “15-15 फॉर्मूला” पर सहमति बन सकती है। इसके तहत दोनों दलों को बराबर प्रतिनिधित्व देने की रणनीति पर काम हो रहा है। हालांकि व्यावहारिक रूप से बीजेपी के 13 और जेडीयू के 12 मंत्री शामिल किए जाने की चर्चा है, जबकि सहयोगी दलों—लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास), हिंदुस्तानी आवाम मोर्चा और राष्ट्रीय लोक मोर्चा—को भी कैबिनेट में जगह मिलने की संभावना है।

दिल्ली दौरे से पहले सम्राट चौधरी ने पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार से भी मुलाकात की थी, जिसे कैबिनेट विस्तार की रणनीति का अहम हिस्सा माना जा रहा है। इसके अलावा उन्होंने रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और रेल मंत्री से भी मुलाकात कर “विकसित बिहार” के विजन पर चर्चा की।

बीते कुछ दिनों में जेडीयू और बीजेपी के नेताओं के बीच लगातार बैठकों का दौर जारी है। 2 मई को जेडीयू के वरिष्ठ नेता अशोक चौधरी के आवास पर हुई बैठक में नीतीश कुमार और डिप्टी सीएम विजय कुमार चौधरी भी मौजूद रहे। इस बैठक में मौजूदा राजनीतिक हालात और कैबिनेट विस्तार को लेकर विस्तार से चर्चा की गई।

गौरतलब है कि नए मुख्यमंत्री के पदभार संभालने के बाद से अब तक मंत्रिमंडल का विस्तार नहीं हो पाया था, जिससे प्रशासनिक और राजनीतिक स्तर पर कई फैसले लंबित थे। अब माना जा रहा है कि पश्चिम बंगाल चुनाव परिणाम के बाद कभी भी नई कैबिनेट की घोषणा की जा सकती है।

बिहार की राजनीति के लिए यह विस्तार बेहद महत्वपूर्ण माना जा रहा है, क्योंकि इससे न सिर्फ सत्ता संतुलन तय होगा, बल्कि आगामी राजनीतिक रणनीतियों की दिशा भी साफ होगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *