दिल्ली के चावड़ी बाजार में निर्माणाधीन तीन मंजिला इमारत ढहने के मामले में नगर निगम ने कार्रवाई करते हुए दो इंजीनियरों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। हादसे में दो लोगों की मौत हुई है, जबकि चार लोग घायल बताए गए हैं।
Knews Desk- पुरानी दिल्ली के चावड़ी बाजार में गुरुवार को निर्माणाधीन तीन मंजिला इमारत ढहने के बाद MCD ने सख्त कार्रवाई की है। लापरवाही बरतने के आरोप में असिस्टेंट इंजीनियर मो. नईम और जूनियर इंजीनियर अमन दलाल को तत्काल प्रभाव से सस्पेंड कर दिया गया है। यह आदेश MCD के ओल्ड दिल्ली जोन के डिप्टी कमिश्नर ने जारी किया।
घटना की जानकारी मिलने के बाद दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता भी मौके पर पहुंचीं। उन्होंने कहा कि जांच के बाद ही इमारत गिरने के वास्तविक कारणों का पता चलेगा, लेकिन नगर निगम ने अपने JE और AE को निलंबित कर दिया है। उन्होंने कहा कि इमारत का निर्माण करने वाले व्यक्ति के खिलाफ FIR दर्ज की गई है और निर्माण में सुरक्षा नियमों की अनदेखी करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा।

हादसे में दो लोगों की मौत हुई है और चार लोग घायल बताए गए हैं। रेस्क्यू ऑपरेशन लगातार जारी है। चावड़ी बाजार की संकरी गलियों के कारण राहत और बचाव कार्य में दिक्कत आ रही है। दिल्ली के मेयर प्रवेश वाही ने कहा कि संकरी गलियों में GRAP के नियमों का खुलेआम उल्लंघन करने वालों के खिलाफ FIR दर्ज की गई है और आगे भी कार्रवाई जारी रहेगी।
DCP सेंट्रल रोहित राजबीर ने बताया कि इमारत तीसरी मंजिल तक बन चुकी थी और उसके ऊपर निर्माण कार्य चल रहा था। लेंटर डालते समय इमारत ढह गई। हादसे के बाद आसपास की इमारतों से भी लोगों को बाहर निकाला गया, क्योंकि वे भी नाजुक स्थिति में हैं।
पुलिस के मुताबिक, निर्माण के दौरान मौके पर करीब 10 से 12 मजदूर मौजूद थे। इमारत हिलने लगी तो मजदूरों को बाहर निकाला गया, लेकिन तीन मजदूर अंदर फंस गए। अब तक तीन लोगों को मलबे से निकाला गया, जिनमें दो को मृत घोषित किया गया और एक घायल है, जिसकी हालत खतरे से बाहर बताई गई है। पुलिस ने बताया कि अवैध निर्माण को रोकने के लिए पहले ही नगर निकाय को पत्र लिखा गया था। बिल्डरों की तलाश की जा रही है और कुछ लोगों से संपर्क भी हुआ है।