ओडिशा के 15 हजार छात्रों को मिलेंगे 30 हजार रुपये, 12वीं पास स्टूडेंट्स ऐसे करें आवेदन

Knews Desk- ओडिशा सरकार की यह योजना गोदाबरीश विद्यार्थी प्रोत्साहन योजना के तहत संचालित की जा रही है। इसका उद्देश्य 12वीं पास मेधावी छात्रों को डिजिटल शिक्षा के लिए जरूरी संसाधन उपलब्ध कराना है। योजना के तहत चयनित छात्रों को लैपटॉप खरीदने के लिए एकमुश्त 30 हजार रुपये की राशि दी जाएगी। यह राशि डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर यानी DBT के माध्यम से छात्रों के आधार से जुड़े बैंक खातों में भेजी जाएगी।इस योजना का लाभ लेने के लिए छात्र का ओडिशा का स्थायी निवासी होना जरूरी है। इसके अलावा छात्र ने काउंसिल ऑफ हायर सेकेंडरी एजुकेशन यानी CHSE ओडिशा से 12वीं की परीक्षा साइंस, आर्ट्स, कॉमर्स या वोकेशनल स्ट्रीम में पास की हो। श्री जगन्नाथ संस्कृत विश्वविद्यालय, पुरी से उपशास्त्री परीक्षा पास करने वाले छात्र भी इस योजना के लिए आवेदन कर सकते हैं। परीक्षा में कम से कम 60 प्रतिशत अंक हासिल करने वाले छात्रों को प्राथमिकता दी जाएगी।

वर्ष 2025 में 12वीं पास करने वाले छात्र इस योजना के लिए आवेदन कर सकते हैं। इसके अलावा वर्ष 2024 में 12वीं पास करने वाले वे छात्र भी पात्र होंगे, जो पिछली बार योजना के लिए आवेदन नहीं कर पाए थे। छात्रों का चयन ब्लॉक, शहरी स्थानीय निकाय यानी ULB, जिला, विषय और कैटेगरी के आधार पर निर्धारित सीटों के अनुसार तैयार की जाने वाली मेरिट लिस्ट के माध्यम से किया जाएगा।आवेदन करने से पहले छात्रों को जरूरी दस्तावेज तैयार रखने होंगे। इनमें 12वीं की मार्कशीट और पासिंग सर्टिफिकेट, आधार कार्ड, आधार से जुड़ा एक्टिव मोबाइल नंबर, NPCI से लिंक बैंक पासबुक और ओडिशा का निवास प्रमाण पत्र शामिल है। SC, ST, OBC और SEBC कैटेगरी के छात्रों को जाति प्रमाण पत्र भी जमा करना होगा।

ऑनलाइन आवेदन के लिए छात्रों को सबसे पहले आधिकारिक वेबसाइट scholarship.odisha.gov.in पर जाना होगा। इसके बाद रजिस्ट्रेशन के विकल्प पर क्लिक करके आधार नंबर और मोबाइल नंबर की मदद से पंजीकरण करना होगा। रजिस्ट्रेशन पूरा होने के बाद प्राप्त लॉगिन डिटेल्स से स्टूडेंट लॉगिन करना होगा। लॉगिन करने के बाद ‘Schemes’ सेक्शन में जाकर ‘Godabarisha Bidyarthi Protsahan Yojana’ का विकल्प चुनना होगा।इसके बाद आवेदन फॉर्म में व्यक्तिगत, शैक्षणिक और बैंक से जुड़ी जानकारी भरनी होगी। मांगे गए सभी दस्तावेज अपलोड करने के बाद आवेदन फॉर्म को सबमिट करना होगा। छात्रों को आवेदन करने से पहले अपनी सभी जानकारी और दस्तावेजों को ध्यान से जांच लेना चाहिए, ताकि फॉर्म जमा करने के बाद किसी तरह की परेशानी न हो। योजना के तहत पात्र छात्रों को चयन प्रक्रिया पूरी होने के बाद 30 हजार रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *