KNEWS DESK- हैदराबाद के रंगारेड्डी जिले में एक दिल दहला देने वाली रोड रेज की घटना सामने आई है, जिसने लोगों को स्तब्ध कर दिया। मीरपेट थाना क्षेत्र में हुई इस घटना में एक कार चालक ने न सिर्फ एक बाइक सवार को टक्कर मारी, बल्कि उसके पिता को करीब 2 किलोमीटर तक कार के बोनट पर घसीटता हुआ ले गया।
जानकारी के अनुसार, कार ने पीछे से एक दोपहिया वाहन को टक्कर मार दी, जिसमें पिता एस.के. जिलानी और उनका बेटा फैसल सवार थे। टक्कर के बाद दोनों पक्षों के बीच कहासुनी शुरू हो गई। इसी दौरान जिलानी कार के सामने खड़े होकर ड्राइवर को रोकने की कोशिश करने लगे।
लेकिन हालात उस वक्त खतरनाक हो गए, जब कार चालक ने गाड़ी रोकने के बजाय तेज गति से भगा दी। जिलानी कार के बोनट पर गिर पड़े और ड्राइवर उन्हें उसी हालत में करीब 2 किलोमीटर तक घसीटता रहा। यह भयावह मंजर देखकर आसपास के लोग दहशत में आ गए।
बताया जा रहा है कि कार बालापुर चौराहे से मंडमल्लम्मा चौराहे की ओर जा रही थी, और इस दौरान जिलानी बोनट पर ही लटके रहे। आखिरकार स्थानीय लोगों और राहगीरों ने हिम्मत दिखाते हुए गाड़ी को रुकवाया और जिलानी को बचाया।
हालांकि, इस अफरा-तफरी का फायदा उठाकर आरोपी ड्राइवर मौके से फरार हो गया। हादसे में जिलानी के बेटे फैसल को गंभीर चोटें आई हैं, जिन्हें पास के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज जारी है।
पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और आरोपी की तलाश शुरू कर दी है। सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं और प्रत्यक्षदर्शियों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं ताकि आरोपी को जल्द से जल्द गिरफ्तार किया जा सके।
यह घटना एक बार फिर सड़क पर बढ़ती लापरवाही और गुस्से के खतरनाक परिणामों को उजागर करती है, जिससे न केवल हादसे होते हैं, बल्कि निर्दोष लोगों की जान भी जोखिम में पड़ जाती है।