Knews Desk-उत्तर प्रदेश के जौनपुर जिले में शुक्रवार देर रात एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई। बारात लेकर जा रहे दूल्हे की बीच रास्ते गोली मारकर बेरहमी से हत्या कर दी गई। इस खौफनाक साजिश का आरोपी कोई बाहरी नहीं, बल्कि दुल्हन का ही एक रिश्तेदार निकला, जिसने पहले भी युवक को जान से मारने की धमकी दी थी।

शादी का घर रोशनी से जगमगा रहा था और ढोल-नगाड़ों की थाप पर बारातियों का जमघट झूम रहा था। इसी बीच, फूलों से सजी कार में बैठा दूल्हा आजाद बिंड अपनी नई जिंदगी की शुरुआत का इंतजार कर रहा था। लेकिन, तभी अचानक गोली की आवाज ने सबकी सांसें रोक दीं। अज्ञात हमलावर ने दूल्हे की कार पर ताबड़तोड़ फायरिंग की। इस दौरान एक गोली कार की विंडशील्ड को पार करते हुए सीधे दूल्हे के सीने में धंस गई। इससे आजाद की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई।
पुलिस की प्रारंभिक जांच में चौंकाने वाला खुलासा हुआ है। बताया जा रहा है कि दुल्हन के उस रिश्तेदार ने शादी से पहले ही आजाद को कई धमकियां दी थीं। साजिश के तहत उसने बारात के रास्ते में ही इस वारदात को अंजाम दिया। वारदात के बाद खुशियों का माहौल क्षण भर में कोहराम में तब्दील हो गया। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है। फरार आरोपी रिश्तेदार की गिरफ्तारी के लिए पुलिस ने 25 हजार रुपये के इनाम का ऐलान किया है। पुलिस की कई टीमें आरोपी की तलाश में दबिश दे रही हैं।