KNEWS DESK –बॉलीवुड के मिस्टर परफेक्शनिस्ट Aamir Khan के बेटे Junaid Khan ने बड़े पर्दे पर अपनी नई फिल्म एक दिन के साथ दस्तक दे दी है। फिल्म को लेकर लंबे समय से चर्चा थी और आखिरकार यह सिनेमाघरों में रिलीज हो चुकी है। इस रोमांटिक ड्रामा में जुनैद खान के साथ साउथ की चर्चित अभिनेत्री Sai Pallavi नजर आ रही हैं। हालांकि रिलीज के पहले दिन फिल्म बॉक्स ऑफिस पर उम्मीदों के मुताबिक प्रदर्शन नहीं कर सकी।
ओपनिंग डे पर फीकी रही शुरुआत
रिपोर्ट्स के अनुसार एक दिन ने पहले दिन घरेलू बॉक्स ऑफिस पर सिर्फ 0.81 करोड़ रुपये का नेट कलेक्शन किया है। वहीं ग्रॉस कलेक्शन लगभग 1.20 करोड़ रुपये बताया जा रहा है। इतने बड़े नाम और नई जोड़ी के बावजूद फिल्म की शुरुआत काफी धीमी रही, जिससे मेकर्स की चिंता बढ़ सकती है।
फिल्म को वीकेंड का सहारा जरूर मिलेगा, लेकिन जिस तरह की ओपनिंग सामने आई है, उससे साफ है कि दर्शकों के बीच फिल्म को लेकर वैसा क्रेज नहीं बन पाया, जिसकी उम्मीद की जा रही थी।
15 करोड़ के बजट पर संकट
बताया जा रहा है कि एक दिन का कुल बजट लगभग 15 करोड़ रुपये के आसपास है। फिल्म की शूटिंग भारत के अलावा जापान जैसी लोकेशनों पर भी की गई है, जिससे इसकी प्रोडक्शन वैल्यू बेहतर दिखाई देती है। लेकिन पहले दिन 1 करोड़ का आंकड़ा भी पार न कर पाना इस बात का संकेत है कि फिल्म को अपनी लागत निकालने के लिए लंबा संघर्ष करना पड़ सकता है।
विदेशों से भी फिल्म को कोई खास प्रतिक्रिया नहीं मिल रही है, जिससे इसका कुल बॉक्स ऑफिस सफर और मुश्किल होता नजर आ रहा है।
‘लवयापा’ से भी पीछे छूटे जुनैद
यह फिल्म Junaid Khan के करियर की सबसे कमजोर ओपनिंग वाली थिएटर रिलीज बन गई है। इससे पहले साल 2025 में उनकी फिल्म लवयापा रिलीज हुई थी, जिसमें उनके साथ Khushi Kapoor नजर आई थीं।
हालांकि लवयापा भी बॉक्स ऑफिस पर कोई बड़ा कमाल नहीं दिखा सकी थी, लेकिन उसकी ओपनिंग एक दिन से बेहतर रही थी। रिपोर्ट्स के मुताबिक लवयापा ने पहले दिन 1.33 करोड़ रुपये की कमाई की थी। ऐसे में साफ है कि एक दिन की शुरुआत जुनैद के लिए निराशाजनक साबित हुई है।
ओटीटी पर मिली थी शानदार शुरुआत
दिलचस्प बात यह है कि Junaid Khan ने अपने एक्टिंग करियर की शुरुआत ओटीटी फिल्म महाराज से की थी। यह एक पीरियड ड्रामा थी, जो एक सच्ची घटना पर आधारित थी। फिल्म में उन्होंने एक पत्रकार की भूमिका निभाई थी और उनके अभिनय को काफी सराहा गया था।
खासतौर पर Jaideep Ahlawat जैसे दमदार अभिनेता के सामने जुनैद ने अपनी मजबूत स्क्रीन प्रेजेंस दिखाई थी। दर्शकों और समीक्षकों ने उनके अभिनय की तारीफ की थी, जिससे उनके करियर की शुरुआत काफी सकारात्मक रही।