ग्रेटर नोएडा: स्कूल बस से उतरते ही 5 साल की बच्ची की स्कूल बस की चपेट में आने से मौत, चालक फरार

डिजिटल डेस्क- दनकौर कोतवाली क्षेत्र के रोशनपुर गांव में गुरुवार को एक ऐसी रूह कंपनी वाली घटना घटी, जिसने स्कूल जाने वाले बच्चों की सुरक्षा और स्कूल प्रबंधन की संवेदनशीलता पर गंभीर सवालिया निशान लगा दिए हैं। स्कूल से घर वापस लौटी 5 वर्षीय मासूम भूमि की उसी बस के पहिए के नीचे आने से दर्दनाक मौत हो गई, जिससे वह चंद सेकंड पहले खुशी-खुशी उतरी थी। इस हादसे के बाद आरोपी चालक मौके से फरार हो गया है, जबकि गांव में मातम और भारी आक्रोश का माहौल है। जानकारी के अनुसार, रोशनपुर गांव निवासी अरुण शर्मा की बेटी भूमि एक स्थानीय निजी स्कूल में कक्षा एक की छात्रा थी। गुरुवार को स्कूल की छुट्टी होने के बाद वह रोज की तरह स्कूल बस में सवार होकर अपने घर के लिए निकली थी। दोपहर के वक्त बस गांव के पास रुकी। भूमि बस से उतरी और अभी अपने घर की ओर कदम बढ़ा ही रही थी कि चालक ने पीछे मुड़कर देखे बिना और लापरवाही बरतते हुए बस को तेज गति से आगे बढ़ा दिया। मासूम बच्ची बस के पिछले पहिए की चपेट में आ गई और गंभीर रूप से घायल हो गई।

अस्पताल में तोड़ा दम, परिजनों में कोहराम

हादसे के बाद चीख-पुकार मच गई। आसपास मौजूद ग्रामीण और परिजन आनन-फानन में लहूलुहान भूमि को लेकर ग्रेटर नोएडा के एक निजी अस्पताल पहुंचे। डॉक्टरों ने उसे बचाने का हर संभव प्रयास किया, लेकिन चोटें इतनी गहरी थीं कि मासूम की सांसें थम गईं। जैसे ही अस्पताल की ओर से बच्ची की मृत्यु की पुष्टि हुई, माता-पिता और परिजनों पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा।

स्कूल प्रबंधन की भारी लापरवाही उजागर

इस घटना ने स्कूल बसों में बच्चों की सुरक्षा के दावों की पोल खोल दी है। परिजनों का सीधा आरोप है कि बस में नियमों के विरुद्ध कोई भी हेल्पर या अटेंडेंट मौजूद नहीं था। नियमानुसार, छोटे बच्चों को बस से सुरक्षित उतारने और उन्हें सड़क पार कराने की जिम्मेदारी स्कूल प्रबंधन और वहां मौजूद हेल्पर की होती है। वहीं परिजनों का कहना है कि अगर बस में एक हेल्पर होता, तो शायद मेरी बच्ची आज हमारे बीच होती। चालक की जल्दबाजी और स्कूल की लापरवाही ने हमसे हमारा सब कुछ छीन लिया।

आरोपी चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज

घटना की सूचना मिलते ही दनकौर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और दुर्घटना में शामिल बस को अपने कब्जे में ले लिया है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर आरोपी चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि आरोपी चालक की पहचान कर ली गई है और उसे पकड़ने के लिए दबिश दी जा रही है। साथ ही, स्कूल प्रबंधन की भूमिका की भी जांच की जाएगी कि क्या उन्होंने परिवहन विभाग के सुरक्षा मानकों का पालन किया था या नहीं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *