सरदार पटेल की जयंती पर पीएम मोदी और अमित शाह ने दी श्रद्धांजलि, नशा-मुक्त भारत का लक्ष्य दोहराया

सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती पर देशभर में राष्ट्रीय एकता दिवस मनाया गया। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू, गृह मंत्री अमित शाह और दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने पटेल चौक पर पुष्पांजलि अर्पित की। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए लौह पुरुष को नमन किया।

Knews Desk– प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सरदार पटेल को अखंड भारत का निर्माता बताते हुए कहा कि उन्होंने सशक्त, समृद्ध और समर्थ भारत के निर्माण के लिए अपना जीवन समर्पित कर दिया। उन्होंने कहा कि सरदार पटेल का त्याग और समर्पण विकसित एवं आत्मनिर्भर भारत के निर्माण के लिए बड़ी प्रेरणा है।

इस अवसर पर दिल्ली के मेजर ध्यानचंद नेशनल स्टेडियम से ‘रन फॉर यूनिटी’ को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया। इसमें युवाओं, छात्रों और स्वयंसेवकों ने बड़ी संख्या में हिस्सा लिया। गृह मंत्री अमित शाह ने अपने संबोधन में कहा कि सरदार पटेल ने कई रियासतों को एकजुट कर अखंड भारत के नक्शे की नींव रखी। उन्होंने देश के भौगोलिक, राजनीतिक और सांस्कृतिक एकीकरण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। शाह ने कहा कि आजादी के बाद 1,218 दिनों में सरदार पटेल ने वह काम कर दिखाया, जिसे कई लोग असंभव मानते थे।

अमित शाह ने 31 दिसंबर 2029 तक देश को पूरी तरह नशा-मुक्त बनाने का लक्ष्य भी दोहराया। उन्होंने कहा कि विकसित भारत का सपना नशा-मुक्त भारत के निर्माण से जुड़ा है। गृह मंत्री ने अनुच्छेद 370 हटाने, नक्सलवाद के खिलाफ कार्रवाई और एक राष्ट्र, एक कर व्यवस्था को सरकार की प्रमुख उपलब्धियों में गिनाया। उन्होंने कहा कि नशा-मुक्त भारत का निर्माण युवाओं और देश के भविष्य के लिए बेहद महत्वपूर्ण है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *