KNEWS DESK- मध्य प्रदेश के जबलपुर स्थित बरगी बांध में गुरुवार शाम आए तेज तूफान के दौरान पर्यटकों से भरा एक क्रूज असंतुलित होकर नर्मदा नदी में डूब गया। हादसे के बाद से लगातार रेस्क्यू ऑपरेशन जारी है, लेकिन हालात अब भी चिंताजनक बने हुए हैं। अभी तक की जानकारी के अनुसार, 22 लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला जा चुका है, जबकि 9 लोगों के शव बरामद हुए हैं। शुक्रवार सुबह रेस्क्यू टीमों ने पांच और शव बरामद किए, जिससे कुल मृतकों का आंकड़ा बढ़ गया है। वहीं, अभी भी कई लोग लापता बताए जा रहे हैं, जिनकी तलाश जारी है।
हादसे की गंभीरता को देखते हुए सेना और एनडीआरएफ की टीमों को तुरंत मौके पर तैनात किया गया। अत्याधुनिक उपकरणों, हाइड्रोलिक मशीनों और जेसीबी की मदद से डूबे हुए क्रूज को बाहर निकालने की कोशिश की जा रही है।
रेस्क्यू टीम गैस कटर के जरिए क्रूज के हिस्सों को काटकर अंदर फंसे लोगों तक पहुंचने की कोशिश कर रही है। आशंका है कि कुछ लोग अभी भी क्रूज के भीतर फंसे हो सकते हैं।
लापता लोगों में बच्चों की संख्या चिंता बढ़ा रही है। प्रशासन लगातार सर्च ऑपरेशन चला रहा है और परिजनों से संपर्क बनाए हुए है। मौके पर मौजूद अधिकारी हालात पर नजर बनाए हुए हैं।
कैसे हुआ हादसा
बताया जा रहा है कि तेज तूफान और ऊंची लहरों के कारण क्रूज का संतुलन बिगड़ गया। कुछ ही पलों में क्रूज पानी में समा गया। उस समय क्रूज में करीब 30 से अधिक लोग सवार थे, जबकि इसकी क्षमता लगभग 60 लोगों की बताई जाती है।
हादसे के वक्त मौजूद स्थानीय लोगों और मजदूरों ने साहस का परिचय देते हुए कई लोगों की जान बचाई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, तेज हवाओं और ऊंची लहरों के बीच उन्होंने रस्सियों और ट्यूब की मदद से लोगों को बाहर निकाला।
घटनास्थल पर राज्य सरकार के मंत्री और स्थानीय जनप्रतिनिधि लगातार मौजूद हैं और राहत कार्यों की निगरानी कर रहे हैं। मुख्यमंत्री भी पूरे मामले पर नजर बनाए हुए हैं। सरकार ने मृतकों के परिजनों को आर्थिक सहायता देने की घोषणा की है।
लगातार बारिश, अंधेरा और बांध का गहरा पानी रेस्क्यू ऑपरेशन में बड़ी बाधा बन रहे हैं। इसके बावजूद टीमें दिन-रात लोगों की तलाश में जुटी हुई हैं। इस दर्दनाक हादसे ने पूरे क्षेत्र में शोक की लहर फैला दी है। अब सबकी नजरें रेस्क्यू ऑपरेशन पर टिकी हैं, उम्मीद है कि लापता लोगों को जल्द से जल्द खोज लिया जाएगा।