डिजिटल डेस्क- राष्ट्रीय लोक जनशक्ति पार्टी (रालोजपा) के प्रमुख और पूर्व केंद्रीय मंत्री पशुपति कुमार पारस को तबीयत बिगड़ने के बाद राजधानी पटना के कंकड़बाग स्थित एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। जानकारी के मुताबिक उन्हें सांस लेने में तकलीफ की शिकायत के बाद अस्पताल लाया गया, जहां डॉक्टरों की टीम उनकी लगातार निगरानी कर रही है। इस बीच जैसे ही यह खबर केंद्रीय मंत्री और लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) के प्रमुख चिराग पासवान को मिली, वे तुरंत दिल्ली से पटना के लिए रवाना हो गए। अस्पताल पहुंचकर उन्होंने अपने चाचा का हाल-चाल जाना। इस दौरान दोनों के बीच भावुक पल भी देखने को मिले। सामने आए वीडियो में चिराग अपने चाचा से बातचीत करते और उनका हाल पूछते नजर आ रहे हैं।
मेरे अभिभावक आज सुबह से अस्वस्थ हैं- चिराग पासवान
चिराग पासवान ने इस मुलाकात के बाद सोशल मीडिया पर भी एक भावुक पोस्ट साझा किया। उन्होंने लिखा, “मेरे अभिभावक, चाचा श्री पशुपति कुमार पारस जी आज सुबह से अस्वस्थ हैं। मैंने अस्पताल जाकर उनके स्वास्थ्य की जानकारी ली और डॉक्टरों से उचित इलाज को लेकर चर्चा की। मैं ईश्वर से उनके शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थना करता हूं।” अस्पताल के बाहर मीडिया से बात करते हुए चिराग ने कहा कि राजनीति अपनी जगह है, लेकिन उनके लिए पशुपति पारस पिता समान हैं। उन्होंने कहा कि वे यहां एक नेता के रूप में नहीं, बल्कि एक बेटे के रूप में अपने अभिभावक से मिलने आए हैं। चिराग ने साफ किया कि भले ही परिवार में वैचारिक मतभेद रहे हों, लेकिन रिश्तों और स्वास्थ्य के मामले में सभी एकजुट हैं।
रामविलास पासवान के निधन के बाद बंट गई थी पार्टी
चिराग ने डॉक्टरों से भी विस्तार से बातचीत की और अपने चाचा के इलाज में किसी तरह की कमी न रहे, इसके लिए आवश्यक निर्देश दिए। उन्होंने भरोसा जताया कि डॉक्टरों की देखरेख में जल्द ही पारस की सेहत में सुधार होगा। गौरतलब है कि लोक जनशक्ति पार्टी के संस्थापक रामविलास पासवान के निधन के बाद पार्टी दो गुटों में बंट गई थी। एक तरफ चिराग पासवान थे, जबकि दूसरी ओर उनके चाचा पशुपति पारस ने अलग राह अपनाई थी। इस राजनीतिक विवाद के चलते दोनों के बीच लंबे समय तक दूरियां बनी रहीं और बातचीत भी बंद हो गई थी।