मैनपुरी में डिंपल यादव का बीजेपी पर तीखा हमला, बोलीं- विभाजनकारी राजनीति से समाज को बांट रही सरकार

डिजिटल डेस्क- उत्तर प्रदेश के मैनपुरी में डॉ. भीमराव अंबेडकर जयंती के अवसर पर समाजवादी पार्टी की सांसद डिंपल यादव ने बाबा साहेब की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। इस मौके पर उन्होंने मीडिया से बातचीत करते हुए भारतीय जनता पार्टी पर जमकर निशाना साधा और कई अहम राजनीतिक मुद्दों पर अपनी राय रखी। डिंपल यादव ने कहा कि आज के दौर में कुछ राजनीतिक दल अंबेडकरवादी राजनीति को मजबूरी में अपना रहे हैं, लेकिन उनकी सोच और नीतियां इसके विपरीत हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि बीजेपी की विचारधारा विभाजनकारी है और वह समाज में दरार पैदा कर सत्ता में बने रहना चाहती है। उनके मुताबिक, पिछड़े, दलित, शोषित और अति पिछड़े वर्गों के मुद्दों को नजरअंदाज किया जा रहा है।

सपा महिलाओं के अधिकारों के पक्ष में- डिंपल यादव

आरक्षण के मुद्दे पर बोलते हुए उन्होंने कहा कि बीजेपी महिलाओं के लिए आरक्षण बिल तो लेकर आई है, लेकिन उसमें पिछड़े और शोषित वर्ग की महिलाओं को उचित प्रतिनिधित्व देने के लिए तैयार नहीं है। उन्होंने स्पष्ट किया कि समाजवादी पार्टी महिलाओं के अधिकारों के पक्ष में है, लेकिन वह “आरक्षण के अंदर आरक्षण” की मांग करती है, ताकि कोई वर्ग पीछे न रह जाए। सांसद ने 2024 के चुनावी माहौल का जिक्र करते हुए बीजेपी पर संविधान बदलने की मंशा का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि उस समय 400 सीटें पार करने की बात कही गई थी और संविधान को लेकर बयान दिए गए, जिससे लोगों में चिंता पैदा हुई। उन्होंने यह भी कहा कि कुछ नेताओं के बयानों से उनकी मानसिकता साफ झलकती है।

नोएडा के श्रमिकों की मांगों को लगातार किया गया नजरअंदाज, इसलिए बिगड़े हालात- डिंपंल यादव

नोएडा में मजदूरों के प्रदर्शन और बड़ी संख्या में लोगों को हिरासत में लिए जाने के मामले पर भी डिंपल यादव ने सरकार को घेरा। उन्होंने कहा कि यह मामला मजदूरों के अधिकारों से जुड़ा है और वे लंबे समय से अपनी मांगों को लेकर आवाज उठा रहे थे, लेकिन सरकार ने उनकी समस्याओं को नजरअंदाज किया। अगर समय रहते उनकी बात सुनी जाती, तो ऐसी स्थिति पैदा नहीं होती। पश्चिम बंगाल में चुनाव प्रचार के दौरान माहौल को लेकर भी उन्होंने केंद्र सरकार पर सवाल उठाए। उनका कहना था कि बीजेपी के नेता, खासकर शीर्ष स्तर पर, धमकी भरी भाषा का इस्तेमाल करते हैं, जो लोकतंत्र के लिए ठीक नहीं है।

चुनाव आयोग की निष्पक्षता पर भी खड़े किए सवाल

चुनाव आयोग की निष्पक्षता पर उठ रहे सवालों को लेकर डिंपल यादव ने कहा कि विपक्षी दलों को कई राज्यों में पक्षपात की शिकायतें मिल रही हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि चुनाव के अंतिम समय में मतदाता सूची से नाम हटाने जैसी घटनाएं सामने आ रही हैं, जिससे लोकतांत्रिक प्रक्रिया प्रभावित हो सकती है। 2027 के उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव को लेकर उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी अपनी रणनीति मजबूत कर रही है और जनता के मुद्दों को लेकर आगे बढ़ेगी। उन्होंने भरोसा जताया कि आने वाले समय में जनता बदलाव चाहती है और इसका असर चुनावी नतीजों में दिखाई देगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *