डिजिटल डेस्क- बिहार में नई सरकार के गठन को लेकर राजनीतिक गतिविधियां तेज हो गई हैं। राजधानी पटना से लेकर दिल्ली तक बैठकों और चर्चाओं का दौर जारी है। अब मुख्यमंत्री पद के चयन की प्रक्रिया में भारतीय जनता पार्टी (BJP) ने बड़ा कदम उठाते हुए केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान को बिहार का केंद्रीय ऑब्जर्वर नियुक्त किया है। उनके नेतृत्व में ही बीजेपी विधायक दल के नेता का चयन होगा, जो आगे चलकर राज्य के नए मुख्यमंत्री का चेहरा तय करेगा। बीजेपी के इस फैसले के बाद बिहार की राजनीति में नई हलचल देखी जा रही है। पार्टी की ओर से जारी आधिकारिक बयान में कहा गया है कि संसदीय बोर्ड ने शिवराज सिंह चौहान को यह जिम्मेदारी सौंपी है, ताकि विधायक दल की बैठक में सर्वसम्मति से नेता चुना जा सके। इस प्रक्रिया के बाद एनडीए की बैठक में अंतिम मुहर लगाई जाएगी।
जल्द करेंगे बिहार का दौरा
राजनीतिक सूत्रों के अनुसार, शिवराज सिंह चौहान जल्द ही बिहार पहुंचकर बीजेपी विधायकों के साथ बैठक करेंगे। इस बैठक में संभावित नामों पर चर्चा होगी और फिर विधायक दल का नेता चुना जाएगा। माना जा रहा है कि यह प्रक्रिया बेहद अहम और निर्णायक होगी, क्योंकि इसी के बाद बिहार के अगले मुख्यमंत्री का नाम तय होगा। इस बीच, बिहार के मौजूदा मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की गतिविधियां भी चर्चा में हैं। 14 अप्रैल को राज्य कैबिनेट की एक अहम बैठक बुलाई गई है, जो मुख्य सचिवालय स्थित मंत्रिमंडल कक्ष में सुबह 11 बजे होगी। इसे मौजूदा सरकार की अंतिम कैबिनेट बैठकों में से एक माना जा रहा है। सूत्रों के मुताबिक, इस बैठक से पहले मुख्यमंत्री नीतीश कुमार बाबा साहब डॉ. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा पर माल्यार्पण करने भी जाएंगे। इसके बाद कैबिनेट बैठक आयोजित होगी, जिसमें कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए जा सकते हैं।
जल्द साफ होगी सीएम चेहरे की तस्वीर
राजनीतिक हलकों में यह भी चर्चा है कि इस बैठक में केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान की उपस्थिति संभव है, जिससे यह संकेत और मजबूत हो रहे हैं कि बीजेपी नेतृत्व अब बिहार में सत्ता परिवर्तन की प्रक्रिया को अंतिम चरण में ले जा रहा है। वहीं, उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी और मुख्यमंत्री की हालिया मुलाकात को लेकर भी राजनीतिक चर्चाएं तेज हैं। हालांकि जदयू नेताओं ने इसे सामान्य बैठक बताया है और कहा है कि यह कोई नई बात नहीं है, क्योंकि दोनों नेता पहले भी नियमित रूप से मिलते रहे हैं। जदयू नेता विजय कुमार चौधरी ने भी स्पष्ट किया कि मुख्यमंत्री का चयन एनडीए विधायक दल की बैठक में होगा और इसमें बीजेपी की अहम भूमिका रहेगी। उन्होंने कहा कि फिलहाल प्रक्रिया शुरू हो चुकी है और जल्द ही तस्वीर साफ हो जाएगी।