KNEWS DESK – प्रयागराज महाकुंभ से सुर्खियों में आईं वायरल गर्ल मोनालिसा एक बार फिर चर्चा में हैं। इस बार वजह उनकी निजी जिंदगी नहीं, बल्कि फिल्म निर्देशक सनोज मिश्रा पर लगाए गए गंभीर आरोप हैं। मोनालिसा ने दावा किया है कि फिल्म के दौरान उनके साथ गलत व्यवहार किया गया।
प्रेस कॉन्फ्रेंस में छलका दर्द
केरल के कोच्चि में आयोजित एक प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान मोनालिसा भावुक नजर आईं। उन्होंने कहा, “सनोज मिश्रा कोई अच्छा आदमी नहीं है। फिल्म के दौरान उसने मुझे कई बार गलत तरीके से छुआ। मैंने अपने परिवार को बताया, लेकिन उन्होंने कहा कि यह मेरी पहली फिल्म है और मुझे इसे सहना होगा।” मोनालिसा ने कहा कि उन्हें अपने साथ हुए अन्याय का पूरा एहसास है और अब वह सिर्फ न्याय चाहती हैं।
डायरेक्टर ने आरोपों को बताया साजिश
वहीं, इन आरोपों पर प्रतिक्रिया देते हुए सनोज मिश्रा ने सभी दावों को खारिज कर दिया है। उन्होंने इसे साजिश करार देते हुए कहा कि उन्हें बदनाम करने की कोशिश की जा रही है।
सनोज मिश्रा ने कहा, “मैं मोनालिसा को अपनी बहन मानता हूं। वह पहले मेरे बारे में अच्छा बोलती थी, लेकिन अब अचानक ऐसा क्या हुआ कि वह मेरे खिलाफ बोलने लगी।”
हाल ही में की शादी
गौरतलब है कि मोनालिसा ने 11 मार्च को केरल निवासी अपने बॉयफ्रेंड फरमान खान से तिरुवनंतपुरम में शादी की थी। शादी के बाद वह कोच्चि में रह रही हैं। मोनालिसा ने अपने परिवार को लेकर भी कई चौंकाने वाले खुलासे किए। उन्होंने बताया कि उनके पिता उनकी शादी रिश्तेदारी में करवाना चाहते थे, जिससे वह खुश नहीं थीं। इन परिस्थितियों के चलते उन्होंने खुद अपने जीवन का फैसला लिया।