बिहार बोर्ड 12वीं रिजल्ट 2026 घोषित: आर्ट्स में निशु कुमारी तो साइंस में आदित्य प्रकाश अमन बने टॉपर

डिजिटल डेस्क- बिहार के लाखों छात्रों का इंतजार आखिरकार खत्म हो गया है। Bihar School Examination Board (BSEB) ने इंटरमीडिएट परीक्षा 2026 का रिजल्ट जारी कर दिया है। यह परिणाम राज्य के शिक्षा मंत्री सुनील कुमार और बोर्ड के अध्यक्ष आनंद किशोर द्वारा आधिकारिक रूप से घोषित किया गया। रिजल्ट बोर्ड के सभागार से ऑनलाइन माध्यम से जारी किया गया, जिसके बाद 13 लाख से अधिक छात्रों का इंतजार समाप्त हो गया। इस वर्ष भी बिहार बोर्ड ने समय से पहले रिजल्ट जारी कर अपनी तेज कार्यशैली को बरकरार रखा है। रिजल्ट जारी होते ही छात्र आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर अपना परिणाम देख सकते हैं।

आर्ट्स स्ट्रीम में टॉपर्स:

आर्ट्स संकाय में गया की निशु कुमारी ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 479 अंक (95.80%) हासिल कर पहला स्थान प्राप्त किया। दूसरे स्थान पर सिद्धि शिखा (सीतामढ़ी), चंद्रदीप कुमार (लखीसराय) और एमडी लकी अंसारी (पूर्णिया) रहे, जिन्हें 478 अंक (95.60%) मिले। तीसरे स्थान पर नसरीन प्रवीण, साजिया अंसारी, निसु कुमारी और आदर्श ने 477 अंक (95.40%) के साथ जगह बनाई। इसके अलावा अमृता कुमारी, स्वीटी कुमारी, बीबी असराना, रौशन कुमारी और मनीष कुमार भी टॉप-5 में शामिल रहे।

साइंस स्ट्रीम में टॉपर्स:

साइंस संकाय में समस्तीपुर के आदित्य प्रकाश अमन ने 481 अंक (96.20%) के साथ पहला स्थान हासिल किया। दूसरे स्थान पर साक्षी कुमारी (सीतामढ़ी) और सपना कुमारी (नवादा) रहीं, जिन्होंने 479 अंक (95.80%) प्राप्त किए। तीसरे स्थान पर अनामिका कुमारी (बेगूसराय) ने 478 अंक (95.60%) हासिल किए, जबकि चौथे स्थान पर सत्यम कुमार (दरभंगा) और पांचवें स्थान पर पलक कुमारी (मुजफ्फरपुर) रहीं। इस बार भी छात्र-छात्राओं ने शानदार प्रदर्शन कर राज्य का नाम रोशन किया है। रिजल्ट जारी होने के बाद अब छात्रों के सामने करियर का अगला चरण शुरू हो गया है। सफल छात्र आगे उच्च शिक्षा और प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी में जुटेंगे। बिहार बोर्ड ने छात्रों को सलाह दी है कि वे आधिकारिक वेबसाइट से ही अपना रिजल्ट देखें और किसी भी अफवाह से बचें। साथ ही मार्कशीट से जुड़ी विस्तृत जानकारी जल्द ही स्कूलों के माध्यम से उपलब्ध कराई जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *