आज जारी होगा बिहार बोर्ड का रिजल्ट, दोपहर 1:30 बजे खत्म होगा लाखों छात्रों का इंतजार

डिजिटल डेस्क- बिहार के लाखों छात्रों के लिए आज का दिन बेहद अहम है। Bihar School Examination Board (BSEB) आज इंटरमीडिएट वार्षिक परीक्षा 2026 का परिणाम घोषित करने जा रहा है। बोर्ड अध्यक्ष आनंद किशोर ने आधिकारिक रूप से जानकारी देते हुए बताया कि रिजल्ट 23 मार्च 2026 को दोपहर 1:30 बजे जारी किया जाएगा। रिजल्ट घोषणा के मौके पर शिक्षा विभाग के मंत्री सुनील कुमार और अपर मुख्य सचिव बी. राजेंद्र भी मौजूद रहेंगे। परिणाम जारी होते ही राज्यभर के लाखों छात्र-छात्राओं का इंतजार खत्म हो जाएगा।

तीनों संकाय का परिणाम एकसाथ होगा घोषित

इस वर्ष खास बात यह है कि साइंस, कॉमर्स और आर्ट्स—तीनों संकायों का परिणाम एक साथ घोषित किया जाएगा। इससे छात्रों को अलग-अलग समय पर रिजल्ट का इंतजार नहीं करना पड़ेगा और वे एक ही समय पर अपना परिणाम देख सकेंगे। यह व्यवस्था छात्रों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए लागू की गई है। रिजल्ट जारी होते ही आधिकारिक वेबसाइट्स पर भारी ट्रैफिक देखने को मिल सकता है। ऐसे में बोर्ड ने छात्रों को धैर्य बनाए रखने और घबराने की बजाय थोड़ी देर बाद दोबारा प्रयास करने की सलाह दी है। छात्र अपना परिणाम interbiharboard.com और bsebexam.com पर जाकर चेक कर सकते हैं। इसके लिए उन्हें अपना रोल नंबर और रोल कोड दर्ज करना होगा।

फर्जी वेबसाइट्स से दूर रहने की बोर्ड की सलाह

बोर्ड ने स्पष्ट रूप से कहा है कि छात्र केवल आधिकारिक वेबसाइट्स का ही उपयोग करें और किसी भी फर्जी या अनधिकृत साइट से दूर रहें। गलत जानकारी या अफवाहों से बचने के लिए भी सतर्क रहने की अपील की गई है। बिहार बोर्ड एक बार फिर देश में सबसे पहले 12वीं का रिजल्ट जारी करने वाला बोर्ड बन रहा है। यह उसकी तेज और व्यवस्थित कार्यशैली का उदाहरण माना जा रहा है। पिछले कुछ वर्षों में बोर्ड ने मूल्यांकन प्रक्रिया को काफी तेज और पारदर्शी बनाया है, जिससे समय पर परिणाम घोषित करना संभव हो पाया है। इसी कारण छात्रों और अभिभावकों का भरोसा भी लगातार बढ़ा है।

शांत मन से देखे रिजल्ट

रिजल्ट जारी होने के बाद छात्रों के सामने करियर का अगला चरण शुरू हो जाएगा। साइंस स्ट्रीम के छात्र इंजीनियरिंग और मेडिकल की तैयारी की ओर बढ़ेंगे, जबकि कॉमर्स के छात्र सीए, सीएस और अन्य प्रोफेशनल कोर्स की दिशा में कदम बढ़ाएंगे। वहीं आर्ट्स के छात्र विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं और अन्य करियर विकल्पों पर ध्यान केंद्रित करेंगे। बोर्ड ने छात्रों को सलाह दी है कि वे शांत मन से अपना परिणाम देखें और किसी भी स्थिति में घबराएं नहीं। अगर वेबसाइट स्लो हो या रिजल्ट खुलने में समस्या आए, तो कुछ समय बाद फिर से प्रयास करें। मार्कशीट से जुड़ी विस्तृत जानकारी बाद में संबंधित स्कूलों के माध्यम से उपलब्ध कराई जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *