डिजिटल डेस्क- बिहार में सड़क हादसों का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। ताजा घटनाओं में अररिया जिला और किशनगंज जिला में हुए अलग-अलग सड़क हादसों में कुल सात युवकों की मौत हो गई, जबकि कई लोग गंभीर रूप से घायल हैं। इन हादसों ने इलाके में शोक की लहर दौड़ा दी है। पहली घटना अररिया जिले के नरपतगंज थाना क्षेत्र अंतर्गत एनएच-57 पर पलासी मोड़ के पास हुई, जहां एक ही मोटरसाइकिल पर सवार तीन युवकों की दर्दनाक मौत हो गई। बताया जा रहा है कि तीनों युवक जोगबनी से लौट रहे थे, तभी उनकी बाइक दुर्घटनाग्रस्त हो गई। हादसे में तीनों गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय लोगों और पुलिस की मदद से उन्हें फारबिसगंज अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
मृतकों की हुई पहचान
मृतकों की पहचान सुपौल जिले के रहने वाले मो. अरबाज, समीर और अशरफ के रूप में हुई है। मुकेश कुमार शाह ने बताया कि पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज की जांच कर रही है, ताकि यह पता लगाया जा सके कि हादसा किसी अज्ञात वाहन की टक्कर से हुआ या नहीं। वहीं दूसरी बड़ी घटना किशनगंज जिले के पौआखाली थाना क्षेत्र में डुमरिया-जियापोखर मुख्य मार्ग पर रविवार देर शाम हुई। यहां एक बाइक हादसे में दो युवकों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसका इलाज जारी है। मृतकों की पहचान शाहनवाज आलम और फैसल आलम के रूप में हुई है, जो आठगाछी गांव के निवासी थे। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शवों को कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी।
अन्य दुर्घटना में स्कूटी सवार की हुई मौत
इसी जिले के ठाकुरगंज प्रखंड में एक और हादसा सामने आया, जहां कटहल डांगी के पास स्कूटी और पिकअप वाहन के बीच जोरदार टक्कर हो गई। इस दुर्घटना में स्कूटी चालक सचिन कुमार की मौत हो गई, जबकि राहुल और मुकेश नाम के दो युवक घायल हो गए। घायलों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। स्थानीय लोगों के अनुसार, स्कूटी तेज रफ्तार में थी और एक ई-रिक्शा को ओवरटेक करने के दौरान सामने से आ रही पिकअप से टकरा गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि स्कूटी के परखच्चे उड़ गए और ई-रिक्शा भी पलट गया। हालांकि गनीमत रही कि ई-रिक्शा में कोई सवारी नहीं थी।