KNEWS DESK – मिडिल ईस्ट में जारी संघर्ष के बीच Iran ने शनिवार को United Arab Emirates में नए हमले किए। हमलों के दौरान Dubai और Abu Dhabi में तेज धमाकों की आवाजें सुनी गईं। अधिकारियों के अनुसार दुबई एयरपोर्ट के पास एक ड्रोन गिरा, जबकि रोकी गई एक मिसाइल के मलबे से भी कुछ नुकसान हुआ है। घटना के बाद एहतियातन दुबई का एयरस्पेस अस्थायी रूप से बंद कर दिया गया।
दुबई एयरपोर्ट पर ड्रोन गिरने से मचा हड़कंप
रिपोर्ट्स के मुताबिक ईरान की ओर से किए गए हमलों के दौरान एक ड्रोन Dubai International Airport के पास आकर गिरा। हालांकि अधिकारियों ने बताया कि इस घटना का प्रभाव सीमित रहा। सुरक्षा एजेंसियों ने तुरंत कार्रवाई करते हुए एयरस्पेस को कुछ समय के लिए बंद कर दिया ताकि किसी भी बड़े खतरे से बचा जा सके।
हमले के बाद एयरपोर्ट प्रशासन ने बताया कि एक कॉन्कोर्स को नुकसान पहुंचा है और चार स्टाफ सदस्य घायल हुए हैं। हालांकि पहले से ही यात्रियों को टर्मिनल से सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया था, जिससे बड़ा हादसा टल गया।
कई उड़ानों पर पड़ा असर
फ्लाइट ट्रैकिंग प्लेटफॉर्म Flightradar24 के अनुसार संभावित ड्रोन हमलों की खबरों के बीच कई विमानों को दुबई के ऊपर चक्कर लगाते देखा गया या उनकी लैंडिंग में देरी हुई। एयरस्पेस बंद होने के कारण कई फ्लाइट्स के रूट भी बदले गए।
दुबई इंटरनेशनल एयरपोर्ट दुनिया के सबसे व्यस्त हवाई अड्डों में से एक माना जाता है और यात्रियों की संख्या के मामले में यह Hartsfield-Jackson Atlanta International Airport के बाद दूसरे स्थान पर है। ऐसे में इस एयरपोर्ट पर सुरक्षा से जुड़ी किसी भी घटना का असर अंतरराष्ट्रीय उड़ानों पर भी पड़ता है।
पहले भी जारी हुआ था मिसाइल अलर्ट
हमले से एक दिन पहले Qatar और यूएई के लोगों को उनके मोबाइल फोन पर मिसाइल खतरे का अलर्ट मिला था। हालांकि कतर के अधिकारियों ने बाद में स्पष्ट किया कि फिलहाल सुरक्षा का खतरा टल गया है।
दूसरे हफ्ते में पहुंचा संघर्ष
28 फरवरी को United States और Israel द्वारा ईरान पर किए गए हमलों के बाद शुरू हुआ यह सैन्य टकराव अब दूसरे सप्ताह में पहुंच गया है। जवाबी कार्रवाई में ईरान ने मध्य पूर्व के कई देशों में अमेरिकी सैन्य ठिकानों को निशाना बनाया है।