KNEWS DESK – साउथ सिनेमा के सुपरस्टार थलपति विजय एक बार फिर सुर्खियों में हैं. उनकी अपकमिंग फिल्म ‘जन नायकन’ को लेकर पहले ही काफी चर्चा चल रही थी, लेकिन अब उनकी पर्सनल लाइफ को लेकर भी खबरें तेज हो गई हैं. सोशल मीडिया पर यह दावा किया जा रहा है कि विजय और उनकी पत्नी संगीता के रिश्ते में दरार आ गई है और तलाक की अर्जी तक कोर्ट में पहुंच गई है. इसी बीच एक वीडियो सामने आया है जिसमें विजय अभिनेत्री तृषा कृष्णन के साथ नजर आ रहे हैं, जिसने चर्चाओं को और तेज कर दिया है.
1999 में हुई थी विजय और संगीता की शादी
थलपति विजय और संगीता की शादी साल 1999 में हुई थी. दोनों की मुलाकात एक फैन मीट के दौरान हुई थी, जिसके बाद उनका रिश्ता आगे बढ़ा और शादी तक पहुंचा. करीब 27 साल से साथ रह रहे इस कपल के दो बच्चे भी हैं. हालांकि हाल के दिनों में दोनों के रिश्ते को लेकर कई तरह की खबरें सामने आ रही हैं.
कुछ रिपोर्ट्स में दावा किया जा रहा है कि संगीता ने कोर्ट में तलाक की अर्जी दाखिल की है. हालांकि इस मामले को लेकर अब तक विजय या उनके परिवार की तरफ से कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है.
तृषा कृष्णन के साथ दिखे विजय
इसी बीच 5 मार्च को चेन्नई में एक शादी समारोह का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया. इस वीडियो में थलपति विजय के साथ अभिनेत्री तृषा कृष्णन भी नजर आ रही हैं. दोनों पारंपरिक कपड़ों में दिखाई दे रहे हैं.
वीडियो में विजय के हाथ में फूलों का गुलदस्ता दिख रहा है, जबकि तृषा कार से उतरकर उनके पीछे-पीछे समारोह की ओर जाती हुई नजर आती हैं. बताया जा रहा है कि दोनों कल्पाथी सुरेश और मीनाक्षी के बेटे के रिसेप्शन में शामिल होने पहुंचे थे.
सोशल मीडिया पर तेज हुई चर्चा
विजय और तृषा का यह वीडियो सामने आते ही सोशल मीडिया पर तरह-तरह की प्रतिक्रियाएं देखने को मिल रही हैं. कुछ लोग इसे सिर्फ एक सामान्य इवेंट में साथ पहुंचना बता रहे हैं, जबकि कुछ यूजर्स इसे उनकी पर्सनल लाइफ से जोड़कर चर्चा कर रहे हैं.