knews desk – दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने गुरुवार को कश्मीरी गेट ISBT के पास स्थित मोनेस्ट्री मार्केट क्षेत्र में एक नए फुट ओवरब्रिज का शिलान्यास किया। इस अवसर पर उन्होंने लद्दाख बुद्ध विहार कॉलोनी के निवासियों को आश्वासन दिया कि इलाके की अन्य समस्याओं का भी जल्द समाधान किया जाएगा।
शिलान्यास कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने कहा कि दिल्ली देश के अलग-अलग हिस्सों से आए लोगों का घर है। उन्होंने कहा कि दूरदराज के क्षेत्रों से आए परिवारों ने दिल्ली को अपनाया है और दिल्ली ने भी उन्हें अपने परिवार की तरह स्वीकार किया है। उनके अनुसार राजधानी देश का “आइना” है, जहां हर राज्य के लोग रहते हैं और सभी को बराबर सम्मान मिलता है।
मुख्यमंत्री ने लद्दाख से आए समुदाय की सराहना करते हुए कहा कि यहां रहने वाले परिवार वर्षों से शांतिपूर्ण तरीके से अपना जीवनयापन कर रहे हैं और इस क्षेत्र ने दिल्ली में एक विशेष पहचान बनाई है। उन्होंने भगवान बुद्ध के शांति संदेश का उल्लेख करते हुए कहा कि आज के समय में दुनिया को शांति की सबसे ज्यादा जरूरत है।
3 करोड़ की लागत से बनेगा पुल
सरकार के अनुसार यह फुट ओवरब्रिज करीब 3 करोड़ रुपये की लागत से बनाया जाएगा और इसे पांच महीने के भीतर पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है। मुख्यमंत्री ने कहा कि यदि सरकार की इच्छा मजबूत हो तो कोई भी काम असंभव नहीं होता। उन्होंने यह भी बताया कि जरूरी अनुमतियां पूरी कर ली गई हैं और जल्द ही निर्माण कार्य शुरू होगा।
मुख्यमंत्री ने पिछली सरकार पर आरोप लगाते हुए कहा कि फुट ओवरब्रिज की अनुमति होने के बावजूद इसे पहले नहीं बनाया गया। उनके अनुसार पहले की सरकार ने इस मांग को लंबे समय तक अनदेखा किया, जबकि स्थानीय लोग कई बार इसकी मांग उठा चुके थे।
इलाके की अन्य समस्याओं का भी होगा समाधान
रेखा गुप्ता ने कहा कि सरकार लद्दाख बुद्ध विहार कॉलोनी की अन्य समस्याओं पर भी ध्यान देगी। उन्होंने बताया कि इलाके में अतिक्रमण जैसी समस्याओं को भी दूर किया जाएगा और स्थानीय सुविधाओं को बेहतर बनाया जाएगा।
दिल्ली-लद्दाख के रिश्ते का प्रतीक बनेगा ब्रिज
इस कार्यक्रम में दिल्ली के लोक निर्माण विभाग (PWD) मंत्री प्रवेश वर्मा भी मौजूद थे। उन्होंने कहा कि यह फुट ओवरब्रिज केवल एक पुल नहीं बल्कि दिल्ली और लद्दाख के बीच संबंधों को मजबूत करने का प्रतीक है। उन्होंने बताया कि इस परियोजना की अनुमति केवल दो महीनों में हासिल कर ली गई।
वहीं बीजेपी सांसद प्रवीन खंडेलवाल ने कहा कि यह स्थान लोगों के लिए प्रेरणादायक है और पुल बनने के बाद यहां आने-जाने वाले लोगों की सुविधा बढ़ेगी। उन्होंने उम्मीद जताई कि भविष्य में इस क्षेत्र को और विकसित कर एक विशेष पहचान दी जाएगी।