‘भागम भाग 2’ से गोविंदा की छुट्टी, मनोज बाजपेयी की एंट्री पर भड़के फैन्स, बोले– ऐसी फिल्म बंद कर दो

KNEWS DESK – बॉलीवुड के हीरो नंबर-1 कहे जाने वाले गोविंदा लंबे वक्त से बड़े पर्दे से दूर हैं। साल 2019 में आई उनकी आखिरी फिल्म ‘रंगीला राजा’ बॉक्स ऑफिस पर बुरी तरह फ्लॉप साबित हुई थी। इसके बाद से गोविंदा की वापसी को लेकर लगातार चर्चाएं होती रहीं, लेकिन अब तक उनकी कमबैक फिल्म सामने नहीं आ पाई। फिलहाल वह कभी रियलिटी शोज़ में नजर आते हैं तो कभी शादी-पार्टियों में परफॉर्म करते दिख जाते हैं। इस बीच उनकी पत्नी भी कई बार उनके करियर को लेकर खुलासे करती रही हैं।

इसी बीच गोविंदा की सुपरहिट कॉमेडी थ्रिलर फिल्म ‘भागम भाग’ के सीक्वल को लेकर बड़ा अपडेट सामने आया है, जिसने फैन्स को निराश कर दिया है। खबर है कि ‘भागम भाग 2’ से गोविंदा का पत्ता कट गया है और उनकी जगह फिल्म में मनोज बाजपेयी की एंट्री हो गई है। जैसे ही यह खबर सामने आई, सोशल मीडिया पर फैन्स का गुस्सा फूट पड़ा।

क्यों खास थी ‘भागम भाग’?

साल 2006 में रिलीज हुई ‘भागम भाग’ को प्रियदर्शन ने डायरेक्ट किया था और इसकी कहानी नीरज वोरा ने लिखी थी। फिल्म को सुनील शेट्टी और ढिलिन मेहता ने प्रोड्यूस किया था। फिल्म में अक्षय कुमार, गोविंदा और परेश रावल की तिकड़ी को दर्शकों ने खूब पसंद किया था। इसके अलावा लारा दत्ता, राजपाल यादव, जैकी श्रॉफ, अरबाज खान, शक्ति कपूर, मनोज जोशी, रजाक खान और असरानी जैसे कलाकार भी अहम भूमिकाओं में नजर आए थे। यही वजह है कि जब इसके सीक्वल की चर्चा शुरू हुई, तो फैन्स को गोविंदा की दमदार वापसी की उम्मीद थी।

‘भागम भाग 2’ से बाहर हुए गोविंदा

रिपोर्ट्स के मुताबिक, ‘भागम भाग 2’ में मनोज बाजपेयी को एक अहम किरदार के लिए चुना गया है, जबकि अक्षय कुमार के अपोजिट मीनाक्षी चौधरी नजर आएंगी। फिल्म की शूटिंग अगले महीने मुंबई में शुरू होने वाली है। हालांकि, मनोज बाजपेयी के अपोजिट कौन सी एक्ट्रेस होंगी, इसका अभी खुलासा नहीं हुआ है। गोविंदा के बाहर होते ही फिल्म सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X (ट्विटर) पर ट्रेंड करने लगी। एक यूजर ने लिखा, “हम अक्षय सर की इस कल्ट फिल्म के फैन हैं और हर किरदार से इमोशनली जुड़े हैं। रिक्वेस्ट है कि #BhagamBhag2 के लिए ओरिजिनल स्टारकास्ट को ही लें।” वहीं दूसरे यूजर ने नाराजगी जाहिर करते हुए लिखा, “अगर पार्ट 2 में गोविंदा नहीं हैं, तो बंद करो फिल्म।”

गोविंदा को रिप्लेस करने पर बंटी राय

हालांकि, कुछ लोगों ने मेकर्स का समर्थन भी किया। एक यूजर ने दावा किया कि मेकर्स ने गोविंदा को उनकी मार्केट वैल्यू से कई गुना ज्यादा फीस ऑफर की थी, लेकिन उन्होंने पैरेलल लीड रोल करने से इनकार कर दिया। कुछ फैन्स ने सुझाव दिया कि गोविंदा की जगह कृष्णा अभिषेक को कास्ट किया जा सकता है, जबकि कई लोगों ने मनोज बाजपेयी को सपोर्ट करते हुए कहा कि वह शानदार एक्टर हैं और कॉमेडी में भी खुद को साबित कर सकते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *