KNEWS DESK- भारतीय बल्लेबाज तिलक वर्मा ने अपनी शानदार बल्लेबाजी से यह लगभग साफ कर दिया है कि वर्ल्ड कप टीम में उनकी जगह तय मानी जा सकती है। नवी मुंबई के डीवाई पाटिल स्टेडियम में खेले गए मैच में तिलक ने अपनी फिटनेस और फॉर्म, दोनों का बेहतरीन प्रदर्शन किया। लंबे समय से ग्रोइन इंजरी के कारण टीम से बाहर चल रहे तिलक की बल्लेबाजी देखकर कहीं से भी यह नहीं लगा कि वह हाल ही में चोट से उबरे हैं।
करीब एक महीने बाद मैदान पर वापसी करने वाले तिलक वर्मा ने आत्मविश्वास के साथ बल्लेबाजी की। मैच से पहले उन्होंने नेट्स में जमकर पसीना बहाया था। सिर्फ बल्लेबाजी ही नहीं, बल्कि रवि बिश्नोई के साथ गेंदबाजी का भी अभ्यास किया, जिससे उनकी तैयारी और मैच फिटनेस पूरी तरह झलक रही थी। मैदान पर उन्होंने हर कोने में शॉट लगाए, रिवर्स स्वीप खेला और शानदार छक्का भी जड़ा।
हालांकि तिलक 38 रन बनाकर आउट हो गए, लेकिन उनकी यह पारी सेलेक्टर्स के लिए काफी अहम रही। इस छोटी मगर प्रभावशाली पारी ने यह भरोसा दिलाया कि टी20 वर्ल्ड कप में नंबर-3 की भूमिका के लिए तिलक वर्मा पूरी तरह तैयार हैं।
तिलक की वापसी से टीम का मध्यक्रम मजबूत जरूर हुआ है, लेकिन ओपनर और विकेटकीपर के स्थान को लेकर मुकाबला और दिलचस्प हो गया है। संजू सैमसन पिछले कुछ मैचों में रन बनाने के लिए संघर्ष करते नजर आए हैं, जबकि ईशान किशन ने मिले मौकों का भरपूर फायदा उठाया है।
टीम के कप्तान सूर्यकुमार यादव ने संकेत दिए हैं कि 7 फरवरी को यह स्पष्ट हो जाएगा कि वर्ल्ड कप की प्लेइंग-11 में ईशान किशन और संजू सैमसन में से किसे मौका मिलेगा। मौजूदा फॉर्म को देखते हुए फिलहाल ईशान किशन का पलड़ा भारी दिखाई दे रहा है।
टीम इंडिया के सामने एक और बड़ी चुनौती ऑलराउंडर वॉशिंगटन सुंदर की फिटनेस को लेकर है। सुंदर फिलहाल रिकवरी मोड में हैं, ऐसे में टीम मैनेजमेंट ने ‘प्लान-बी’ पर काम शुरू कर दिया है। उनकी अनुपस्थिति में रवि बिश्नोई को आजमाया जा रहा है, जिन्होंने हाल के मैचों में प्रभावशाली गेंदबाजी की है।
अभ्यास मैच के दौरान तिलक वर्मा, रियान पराग और आयुष बदोनी से भी गेंदबाजी कराई गई, जिससे साफ है कि टीम मैनेजमेंट ऐसे बल्लेबाज तैयार करना चाहता है जो जरूरत पड़ने पर कुछ ओवर निकाल सकें।
अब सभी की नजरें 7 फरवरी पर टिकी हैं, जब टीम इंडिया वानखेड़े स्टेडियम से अपने अभियान की शुरुआत करेगी और साथ ही वर्ल्ड कप के लिए अंतिम टीम का ऐलान भी किया जाएगा।