KNEWS DESK- इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2025 का खिताब जीतने के बाद 4 जून को आयोजित विक्ट्री परेड में मची भगदड़ ने जश्न को मातम में बदल दिया था। इस हादसे में 11 फैंस की दर्दनाक मौत हो गई थी और लगभग 50 लोग घायल हुए थे। अब रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) ने इन पीड़ित परिवारों के लिए एक बड़ी घोषणा की है।
RCB ने अपने आधिकारिक सोशल मीडिया अकाउंट पर जानकारी देते हुए बताया कि मृतकों के परिजनों को 25-25 लाख रुपये की सहायता राशि दी जाएगी। पहले यह मुआवजा 10 लाख रुपये तय किया गया था, लेकिन अब इसे बढ़ाकर सहानुभूति और करुणा के भाव के साथ बढ़ाया गया है।
RCB ने अपने भावुक संदेश में लिखा, “4 जून 2025 को हमारा दिल टूट गया। हमने RCB परिवार के 11 सदस्यों को खो दिया। वे केवल फैंस नहीं थे, वे हमारे शहर, हमारी कम्यूनिटी और हमारी टीम का हिस्सा थे। उनकी अनुपस्थिति हमेशा हमारी यादों में रहेगी। उनकी जगह कोई नहीं ले सकता, लेकिन उनके परिवारों के लिए यह सहायता करुणा, एकता और देखभाल के वादे के रूप में दी जा रही है।”
इस मुआवजे के साथ RCB ने ‘RCB CARES’ नाम की एक नई सामाजिक पहल की भी शुरुआत की है। फ्रेंचाइजी ने इसे लंबे समय तक चलने वाली प्रतिबद्धता बताया है, जिसका उद्देश्य पीड़ितों की स्मृति को सम्मान देना और भविष्य में सार्थक सामाजिक कार्यों को बढ़ावा देना होगा।
RCB ने कहा, “RCB CARES हमारे फैंस की भावनाओं, अपेक्षाओं और उनके हक को दर्शाने की एक प्रतिबद्ध पहल है। आगे बढ़ने वाला हर कदम इन मूल्यों पर आधारित होगा।”
RCB ने 17 साल के लंबे इंतजार के बाद 3 जून को अहमदाबाद में IPL 2025 का खिताब जीता था। 4 जून को बेंगलुरु के एम. चिन्नास्वामी स्टेडियम में विक्ट्री परेड आयोजित की गई, जिसमें हजारों की भीड़ उमड़ पड़ी। भीड़ पर नियंत्रण न होने के कारण भगदड़ मच गई, जिसमें 11 लोगों की मौत हो गई और कई घायल हुए।
कर्नाटक सरकार ने हादसे के बाद RCB फ्रेंचाइजी और इवेंट मैनेजमेंट कंपनी को हादसे के लिए जिम्मेदार ठहराया था। मामले की जांच अब भी जारी है। सरकार और पुलिस प्रशासन इस बात की जांच कर रहे हैं कि सुरक्षा इंतजामों में कहां चूक हुई।