KNEWS DESK- उत्तर भारत में प्री-मानसून की आहट ने लोगों को गर्मी से राहत तो दी है, लेकिन इसके साथ ही तेज आंधी, बारिश और ओलावृष्टि ने कई इलाकों में तबाही भी मचाई है। गुरुवार को दिल्ली-एनसीआर, पश्चिमी उत्तर प्रदेश, दक्षिण हरियाणा और बिहार में तेज हवाओं और बारिश ने लोगों को परेशान कर दिया। भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने शुक्रवार के लिए भी अलर्ट जारी कर दिया है।
मौसम विभाग के अनुसार, आज उत्तर प्रदेश, बिहार, दिल्ली, हरियाणा, पंजाब, और मध्य प्रदेश में धूल भरी आंधी और हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। कुछ जगहों पर ओले गिरने और बिजली गिरने की संभावना भी जताई गई है। इससे तापमान में थोड़ी गिरावट आएगी, लेकिन उमस बढ़ सकती है।
तटीय कर्नाटक, कोंकण, गोवा और उत्तर केरल में भारी बारिश के आसार हैं। मराठवाड़ा, रायलसीमा और तमिलनाडु में भी मध्यम बारिश की संभावना है। मौसम विभाग ने इन राज्यों के लिए भी सतर्कता बरतने की सलाह दी है। उत्तर भारत के अन्य राज्यों में जहां बारिश राहत दे रही है, वहीं राजस्थान के कई हिस्सों में लू और भीषण गर्मी का प्रकोप जारी है। मौसम विभाग ने चेताया है कि कुछ इलाकों में तापमान 45 डिग्री सेल्सियस के पार जा सकता है।
स्काईमेट वेदर के अनुसार, केरल में मानसून की जोरदार एंट्री के लिए वातावरण तैयार हो गया है। अरब सागर के ऊपर चक्रवाती परिसंचरण के चलते निम्न दबाव का क्षेत्र बन गया है, जो उत्तर दिशा में बढ़ रहा है। पूर्वोत्तर राजस्थान और दक्षिण हरियाणा में भी चक्रवाती परिसंचरण की स्थिति बनी है, जिससे देशभर में प्री-मानसून गतिविधियां तेज हो गई हैं।
पिछले 24 घंटों में केरल, मध्य महाराष्ट्र, कोंकण, गोवा, सिक्किम, झारखंड, दक्षिण ओडिशा, आंध्र प्रदेश, तेलंगाना, तमिलनाडु, और कर्नाटक में तेज बारिश हुई है। दिल्ली-एनसीआर, उत्तर प्रदेश और हरियाणा में तेज आंधी और बिजली गिरने की घटनाएं सामने आई हैं।
गुरुवार रात की बारिश के बाद शुक्रवार की सुबह दिल्ली-एनसीआर और पश्चिमी यूपी में मौसम सुहाना रहा। हालांकि दोपहर में तेज धूप और उमस के कारण लोगों को गर्मी का एहसास हुआ। शाम को एक बार फिर आंधी और बारिश से मौसम बदलने की संभावना है। मौसम विभाग के अनुसार, आज दिल्ली और यूपी में अधिकतम तापमान 38 से 40 डिग्री सेल्सियस के बीच रह सकता है। हालांकि बारिश के बाद यह तापमान गिर सकता है।
ये भी पढ़ें- आईपीएल 2025: मुंबई इंडियंस ने दिल्ली को हराकर प्लेऑफ में बनाई जगह, सूर्यकुमार, बुमराह और सैंटनर रहे जीत के हीरो