Knews Desk– यूट्यूबर ध्रुव राठी की हिरासत और रिहाई का मामला दिल्ली में प्रस्तावित CJP प्रदर्शन के बीच चर्चा में है। दिल्ली पुलिस के सूत्रों के अनुसार, ध्रुव राठी को देर रात करीब 3 बजे रिहा किया गया। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि यदि वह जंतर-मंतर आने की कोशिश करते हैं, तो दोबारा कार्रवाई की जा सकती है।ध्रुव राठी को गुरुग्राम के सेक्टर-56 स्थित केंद्रीय विहार इलाके से हिरासत में लिया गया था। पुलिस को सूचना मिली थी कि वह अपने माता-पिता के पास आए हुए हैं। इसके बाद दिल्ली पुलिस ने गुरुग्राम पुलिस के साथ जानकारी साझा की और संयुक्त टीम ने कार्रवाई की।
बताया गया कि ध्रुव राठी गुरुवार को बेंगलुरु में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) के खिलाफ हुए विरोध प्रदर्शन में शामिल हुए थे। इसके बाद शनिवार को दिल्ली में CJP के प्रस्तावित प्रदर्शन से पहले उन्हें हिरासत में लिया गया। CJP ने 10 अक्टूबर को जंतर-मंतर पर मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ प्रदर्शन का ऐलान किया था। हालांकि, दिल्ली पुलिस ने इस प्रदर्शन की अनुमति नहीं दी थी।शनिवार को प्रदर्शन से पहले पुलिस ने दिल्ली में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी थी। जंतर-मंतर, कनॉट प्लेस और आसपास के इलाकों में बैरिकेडिंग की गई और कई स्थानों पर प्रदर्शनकारियों को हिरासत में लिया गया। पुलिस ने कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए प्रमुख मार्गों पर निगरानी बढ़ाई थी।
इस बीच CJP ने प्रदर्शन जारी रखने का ऐलान किया है। पार्टी के अंजिक्य शिंदे ने कहा था कि मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे तक आंदोलन जारी रहेगा। CJP के संस्थापक अभिजीत दिपके और पार्टी नेताओं सौरव दास तथा आशुतोष रांका को भी हिरासत में लिया गया था। रविवार को उन्हें दिल्ली की अदालत में पेश किया गया।CJP प्रदर्शन और पुलिस कार्रवाई को लेकर रविवार को भी दिल्ली में हलचल रहने की आशंका है। सेंट्रल दिल्ली, नई दिल्ली और कनॉट प्लेस के आसपास कई प्रमुख रास्तों पर ट्रैफिक डायवर्जन किया जा सकता है। पुलिस ने लोगों से यात्रा की योजना बनाते समय संभावित बदलावों को ध्यान में रखने की अपील की है।दिल्ली में प्रदर्शनकारियों की हिरासत, आवाजाही पर पाबंदियों और पुलिस कार्रवाई को लेकर सुप्रीम कोर्ट में भी सुनवाई प्रस्तावित है। ऐसे में ध्रुव राठी की रिहाई के बावजूद CJP प्रदर्शन और उससे जुड़े घटनाक्रम पर सबकी नजर बनी हुई है।