Knews Desk- महात्मा गांधी के परपोते, लेखक और सामाजिक कार्यकर्ता तुषार गांधी को मुंबई पुलिस ने शनिवार, 10 अक्टूबर को हिरासत में ले लिया। वह चुनाव आयोग के खिलाफ प्रदर्शन करने के लिए अगस्त क्रांति मैदान जा रहे थे। इसी दौरान पुलिस ने उन्हें नेशनल कॉलेज के पास रोक लिया। तुषार गांधी ने मुंबई में प्रदर्शन करने का ऐलान किया था। यह प्रदर्शन दिल्ली के जंतर-मंतर पर कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के प्रस्तावित विरोध प्रदर्शन के समर्थन में आयोजित किया जाना था।तुषार गांधी ने इससे पहले आरोप लगाया था कि मुंबई पुलिस उन्हें और उनके साथियों को फोन करके प्रदर्शन रद्द करने के लिए कह रही थी। हालांकि, उन्होंने पीछे हटने से इनकार करते हुए कहा था कि वह लोकतंत्र की रक्षा के लिए विरोध प्रदर्शन करेंगे। उन्होंने यह भी कहा था कि जरूरत पड़ने पर गिरफ्तारी का सामना करने के लिए तैयार हैं। उनके मुताबिक, प्रदर्शन का उद्देश्य चुनाव आयोग के खिलाफ आवाज उठाना और दिल्ली में होने वाले विरोध प्रदर्शन के प्रति समर्थन जताना था।
अगस्त क्रांति मैदान में प्रदर्शन की मांगी गई थी अनुमति
जानकारी के मुताबिक, तुषार गांधी और कुछ संगठनों ने दक्षिण मुंबई के गिरगांव स्थित अगस्त क्रांति मैदान में प्रदर्शन करने की अनुमति मांगी थी। इसके लिए दोपहर 2 बजे से शाम 5 बजे तक का समय प्रस्तावित किया गया था। हालांकि, खबर लिखे जाने तक पुलिस की ओर से अनुमति नहीं दी गई थी।मुंबई में सार्वजनिक प्रदर्शन के लिए आजाद मैदान निर्धारित स्थल है। लेकिन इस मामले में आजाद मैदान पर प्रदर्शन करने के लिए पुलिस को कोई आवेदन नहीं मिला था। ऐसे में अगस्त क्रांति मैदान में प्रस्तावित कार्यक्रम को लेकर स्थिति स्पष्ट नहीं थी। इसी बीच पुलिस ने तुषार गांधी को हिरासत में ले लिया।
शिवाजी पार्क में भी सुरक्षा बढ़ाई गई
CJP के प्रस्तावित विरोध प्रदर्शन को देखते हुए मुंबई पुलिस ने शिवाजी पार्क और आसपास के इलाकों में सुरक्षा बढ़ा दी है। पार्क के मुख्य प्रवेश द्वार पर पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई है, ताकि किसी भी संभावित प्रदर्शन को नियंत्रित किया जा सके। पुलिस को आशंका थी कि हाल में हुए विरोध प्रदर्शन के बाद एक बार फिर वहां आंदोलन हो सकता है।गौरतलब है कि 2 अक्टूबर को मुंबई के शिवाजी पार्क में आयोजित विरोध प्रदर्शन के दौरान तुषार गांधी भी मंच पर मौजूद थे। इसी को देखते हुए पुलिस ने इस बार एहतियातन सुरक्षा व्यवस्था मजबूत की है। अधिकारियों की ओर से सार्वजनिक स्थानों पर भीड़ और कानून-व्यवस्था की स्थिति पर नजर रखी जा रही है।
तुषार गांधी ने किया था प्रदर्शन का ऐलान
तुषार गांधी ने घोषणा की थी कि वह 10 अक्टूबर को दोपहर 3:30 बजे प्रदर्शन करेंगे। उन्होंने मुंबई के लोगों से भी इसमें शामिल होने की अपील की थी। अपने बयान में उन्होंने सविनय अवज्ञा और सत्याग्रह के सिद्धांतों का उल्लेख करते हुए विरोध जारी रखने की बात कही थी। उन्होंने नारा दिया था, ‘ज्ञानू, शाह, मोदी चले जाओ!’दिल्ली में CJP के जंतर-मंतर पर प्रस्तावित प्रदर्शन और मुंबई में तुषार गांधी के कार्यक्रम को देखते हुए सुरक्षा एजेंसियां सतर्क हैं। दोनों जगहों पर विरोध प्रदर्शन के मद्देनजर पुलिस ने एहतियाती कदम उठाए हैं। मुंबई में तुषार गांधी को हिरासत में लिए जाने के बाद अब इस मामले में आगे की पुलिस कार्रवाई पर नजर बनी हुई है।