Knews Desk- वाराणसी के स्थानीय श्रद्धालुओं के लिए बड़ी राहत की खबर है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के निर्देश पर अब काशीवासियों को बाबा विश्वनाथ मंदिर में दर्शन के लिए पूरे दिन अलग प्रवेश मार्ग की सुविधा मिलेगी। नई व्यवस्था के तहत स्थानीय श्रद्धालु काशी द्वार (गेट-4B) से सुबह 4:15 बजे से रात 10:45 बजे तक मंदिर परिसर में प्रवेश कर सकेंगे।
मंदिर प्रशासन के अनुसार, इस सुविधा का लाभ केवल वाराणसी के स्थानीय निवासियों को मिलेगा। प्रवेश के दौरान श्रद्धालुओं को अपना स्थानीय पहचान पत्र दिखाना अनिवार्य होगा। इसके बाद उन्हें निर्धारित द्वार से सीधे दर्शन के लिए प्रवेश दिया जाएगा। अब तक स्थानीय श्रद्धालुओं को अलग प्रवेश व्यवस्था सीमित समय के लिए उपलब्ध थी, लेकिन नई व्यवस्था लागू होने के बाद पूरे दिन निर्धारित समयावधि में इस सुविधा का लाभ मिल सकेगा। इससे स्थानीय लोगों को लंबी कतारों से राहत मिलने के साथ दर्शन भी अधिक सुगम हो जाएंगे।

हालांकि, मंदिर प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि यह विशेष व्यवस्था केवल सामान्य दिनों में लागू रहेगी। प्रमुख पर्वों, त्योहारों और विशेष अवसरों पर श्रद्धालुओं की अत्यधिक भीड़ को देखते हुए यह सुविधा अस्थायी रूप से स्थगित रहेगी। उन दिनों सभी श्रद्धालुओं के लिए मंदिर की सामान्य प्रवेश व्यवस्था ही लागू होगी। मंदिर प्रशासन का मानना है कि नई व्यवस्था से स्थानीय श्रद्धालुओं को सुविधा मिलने के साथ-साथ मंदिर में भीड़ प्रबंधन भी बेहतर ढंग से किया जा सकेगा।