Knews Desk– उत्तर प्रदेश के लखीमपुर खीरी जिले में सोमवार सुबह एक भीषण सड़क हादसे ने कई परिवारों की खुशियां छीन लीं। नेशनल हाईवे-730 पर ईसानगर थाना क्षेत्र के ऊंचगांव-भरेहटा के पास तेज रफ्तार ट्रक और यात्रियों से भरी टाटा मैजिक की आमने-सामने जोरदार भिड़ंत हो गई। हादसा इतना भयावह था कि मौके पर ही कई लोगों की मौत हो गई, जबकि कई अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए।

लखीमपुर से सिसैया जा रही थी मैजिक
जानकारी के मुताबिक, टाटा मैजिक वाहन लखीमपुर से सिसैया की ओर जा रहा था। उसी दौरान बहराइच की तरफ से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक ने सामने से जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि मैजिक वाहन के परखच्चे उड़ गए और उसमें सवार लोग अंदर ही फंस गए।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। आसपास के लोग तुरंत मदद के लिए दौड़े और पुलिस को सूचना दी गई। स्थानीय लोगों ने पुलिस के साथ मिलकर घायलों और शवों को बाहर निकालने का काम शुरू किया। कई लोगों को वाहन काटकर बाहर निकालना पड़ा।
9 लोगों की मौत, कई घायल

पुलिस और प्रशासन की शुरुआती जानकारी के अनुसार, हादसे में 9 लोगों की मौत हुई है, जबकि कई लोग गंभीर रूप से घायल हैं। घायलों को तुरंत नजदीकी अस्पताल और सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज जारी है। कुछ घायलों की हालत गंभीर बताई जा रही है।
बताया जा रहा है कि मैजिक वाहन में करीब 12 लोग सवार थे। इनमें पुरुषों के साथ महिलाएं भी शामिल थीं। हादसे के बाद हाईवे पर लंबा जाम लग गया, जिसे पुलिस ने क्रेन की मदद से क्षतिग्रस्त वाहनों को हटाकर खुलवाया।
राहत और बचाव कार्य जारी
घटना की सूचना मिलते ही ईसानगर थाना पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे। पुलिस ने राहत और बचाव कार्य शुरू कर दिया है। मृतकों की पहचान की जा रही है और उनके परिजनों को सूचना दी जा रही है। हादसे के कारणों की जांच भी शुरू कर दी गई है।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भी हादसे पर दुख जताया है। उन्होंने अधिकारियों को घायलों के समुचित इलाज और राहत कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए हैं।