Knews Desk– अयोध्या के राम मंदिर में चढ़ावे की कथित चोरी के मामले में उत्तर प्रदेश सरकार ने बड़ा कदम उठाया है। मामले की जांच के लिए गठित विशेष जांच दल यानी SIT ने अपनी फाइनल रिपोर्ट शासन को सौंप दी थी, जिसे अब गृह विभाग ने श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट को आवश्यक कार्रवाई के लिए सौंप दिया है। रिपोर्ट के बाद इस मामले में नामजद आरोपियों की मुश्किलें बढ़ सकती हैं।
अयोध्या चढ़ावा प्रकरण को लेकर उत्तर प्रदेश सरकार ने 13 जून को तीन सदस्यीय SIT का गठन किया था। यह कार्रवाई श्रीराम जन्मभूमि मंदिर तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के अनुरोध पर की गई थी। SIT की अध्यक्षता लखनऊ के मंडलायुक्त विजय विश्वास पंत ने की थी। उनके अलावा IG रेंज किरण एस. और विशेष सचिव वित्त नील रतन कुमार को जांच टीम में सदस्य बनाया गया था।SIT ने मामले की पड़ताल के बाद 23 जून को शासन को अपनी प्रारंभिक रिपोर्ट सौंपी थी। रिपोर्ट में कई अहम और कठोर सिफारिशें की गई थीं। इसी रिपोर्ट के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई का रास्ता तैयार हुआ। अब SIT की फाइनल रिपोर्ट भी ट्रस्ट को आवश्यक कार्रवाई के लिए सौंप दी गई है।
इस मामले में 25 जून को पहली FIR दर्ज की गई थी। ट्रस्ट के सदस्य कृष्णमोहन की लिखित शिकायत के आधार पर श्रीराम जन्मभूमि थाने में FIR दर्ज हुई थी। FIR में कुल 8 लोगों को नामजद आरोपी बनाया गया था, जबकि कुछ अज्ञात लोगों को भी आरोपी बनाया गया है।FIR में अविनाश शुक्ला, अनुकल्प मिश्रा, लवकुश मिश्रा, मनीष कुमार यादव, करुणेश पाण्डेय, रमाशंकर मिश्रा, सुभाष श्रीवास्तव और श्री राम शंकर यादव उर्फ टिन्नू को नामजद किया गया है। आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की कई धाराओं के साथ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम की धारा 13(1)(a) के तहत भी मामला दर्ज किया गया है।
SIT की फाइनल रिपोर्ट ट्रस्ट को सौंपे जाने के बाद अब जांच के निष्कर्षों के आधार पर आगे की कार्रवाई की उम्मीद है। चढ़ावे की रकम और उससे जुड़े लेनदेन को लेकर गंभीर सवाल उठने के बाद इस मामले ने काफी तूल पकड़ा था। सरकार की ओर से भी पूरे प्रकरण की जांच कर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई का संकेत दिया गया था।अब सभी की नजर इस बात पर है कि SIT की फाइनल रिपोर्ट में किन लोगों की भूमिका सामने आई है और उनके खिलाफ किस तरह की कार्रवाई की जाती है। रिपोर्ट सौंपे जाने के बाद राम मंदिर चढ़ावा प्रकरण में कानूनी कार्रवाई का अगला चरण शुरू होने की संभावना है।