KNEWS DESK- देश के कई हिस्सों में मौसम ने अचानक करवट ले ली है। भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने दिल्ली-एनसीआर, उत्तर प्रदेश, बिहार समेत करीब 20 राज्यों में आंधी, बारिश और बिजली गिरने की चेतावनी जारी की है। कई इलाकों में 60 से 80 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना जताई गई है, जिससे लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है।
दिल्ली-एनसीआर में शुक्रवार सुबह हुई बारिश के बाद मौसम सुहावना हो गया और तापमान में गिरावट दर्ज की गई। मौसम विभाग ने राजधानी में येलो अलर्ट जारी करते हुए दिनभर गरज-चमक के साथ बारिश और तेज हवाओं की संभावना जताई है। अधिकतम तापमान 37 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 23 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है।
उत्तर प्रदेश में भी मौसम का मिजाज बदला हुआ नजर आएगा। नोएडा, गाजियाबाद, प्रयागराज, वाराणसी सहित कई जिलों में तेज आंधी, बारिश और बिजली गिरने का खतरा बना हुआ है। कुछ क्षेत्रों में हवाओं की रफ्तार 80 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है। एटा, मैनपुरी और आसपास के इलाकों में भी तेज तूफान की चेतावनी जारी की गई है।
बिहार और झारखंड में अगले कुछ दिनों तक बारिश का सिलसिला जारी रह सकता है। पटना, भागलपुर, खगड़िया और अन्य जिलों में तेज हवाओं के साथ भारी बारिश की संभावना है। वहीं रांची, देवघर और जमशेदपुर समेत झारखंड के कई इलाकों में भी येलो अलर्ट जारी किया गया है।
मध्य प्रदेश में भी मौसम में बड़ा बदलाव देखने को मिल सकता है। दतिया, भिंड और आसपास के जिलों में बारिश और तेज हवाओं का पूर्वानुमान है। मौसम विभाग का कहना है कि राज्य में मानसून लगभग 18 जून के आसपास दस्तक दे सकता है। राजस्थान के कई हिस्सों में भी बारिश की संभावना है, जबकि पश्चिमी क्षेत्रों में धूल भरी आंधी चल सकती है।
पहाड़ी राज्यों उत्तराखंड और हिमाचल प्रदेश में भी मौसम सक्रिय रहेगा। नैनीताल, चमोली, पिथौरागढ़, शिमला, मंडी और सोलन जैसे जिलों में बारिश के साथ तेज हवाएं चल सकती हैं। कुछ इलाकों में ओलावृष्टि की भी संभावना जताई गई है।
पूर्वोत्तर भारत में असम, मेघालय, अरुणाचल प्रदेश, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में भारी बारिश का दौर जारी रहने का अनुमान है। वहीं दक्षिण भारत के केरल, कर्नाटक, तमिलनाडु, तेलंगाना और आंध्र प्रदेश में भी व्यापक वर्षा की संभावना है। खासकर केरल में कुछ स्थानों पर अत्यधिक भारी बारिश को लेकर विशेष चेतावनी जारी की गई है।
मौसम विभाग ने लोगों से खराब मौसम के दौरान खुले स्थानों, पेड़ों और बिजली के खंभों से दूर रहने तथा आवश्यक सावधानी बरतने की अपील की है।