Knews Desk-दिल्ली-एनसीआर के निवासियों के लिए इस बार मई का महीना राहत लेकर आया है। लंबे समय बाद राजधानी की वायु गुणवत्ता में उल्लेखनीय सुधार देखने को मिला है। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (CPCB) के आंकड़ों के अनुसार, मई में दिल्ली का एयर क्वालिटी इंडेक्स (AQI) तीन साल बाद पहली बार 100 से नीचे दर्ज किया गया है, जो ‘संतोषजनक’ श्रेणी में आता है। AQI के स्तर 0 से 50 को ‘अच्छा’ और 51 से 100 को ‘संतोषजनक’ माना जाता है। इस बार मई के पहले सप्ताह में दिल्ली का औसत AQI 80 से 95 के बीच दर्ज किया गया, जो पिछले कई वर्षों की तुलना में काफी बेहतर स्थिति को दर्शाता है। वर्ष 2023 के बाद यह पहली बार है जब लगातार मई में हवा की गुणवत्ता इस स्तर पर बनी रही।

मौसम में आए बदलावों ने इस सुधार में अहम भूमिका निभाई है। हल्की बारिश, तेज हवाओं और अनुकूल मौसमी परिस्थितियों के कारण प्रदूषण कणों में कमी आई है। मौसम विशेषज्ञ महेश पलावत के अनुसार, उत्तर भारत में हुई बारिश से तापमान में गिरावट दर्ज की गई है, जिससे वायु प्रदूषण के स्तर पर सकारात्मक असर पड़ा है।
भारतीय मौसम विभाग (IMD) के अनुसार, सफदरजंग में अधिकतम तापमान 32.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 7.1 डिग्री कम है। वहीं न्यूनतम तापमान 18.8 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सामान्य से 5.9 डिग्री कम है। पालम में 17.9 डिग्री और रिज क्षेत्र में 18 डिग्री तापमान दर्ज किया गया।

बारिश के आंकड़ों की बात करें तो रविवार रात से सोमवार सुबह तक सफदरजंग और पालम में 5.7 मिमी बारिश रिकॉर्ड की गई। अयानगर में 13 मिमी बारिश हुई, जो सबसे अधिक रही, जबकि लोधी रोड और रिज में लगभग 4 मिमी बारिश दर्ज की गई। तेज गर्मी की आशंका के बीच आई इस ठंडक और साफ हवा ने दिल्लीवासियों को बड़ी राहत दी है। लोग, जो आमतौर पर मई में भीषण गर्मी और प्रदूषण से परेशान रहते हैं, इस बार सुहावने मौसम का आनंद ले रहे हैं। हालांकि, विशेषज्ञों का कहना है कि यह सुधार अस्थायी भी हो सकता है और दीर्घकालिक सुधार के लिए लगातार प्रयासों की आवश्यकता है।