Veteran Hollywood director Michael Mann shot; hospitalized following an accident at a gun range

‘हीट’ और ‘कोलैटरल’ जैसी मशहूर फिल्मों के निर्देशक माइकल मान एक हादसे में घायल हो गए। 83 वर्षीय निर्देशक अमेरिका के लॉस एंजेलिस की एक गन रेंज में मौजूद थे, जहां बंदूक को होल्स्टर में रखते समय अचानक गोली चल गई और उनके पैर में लग गई। उन्हें तुरंत अस्पताल ले जाया गया। राहत की बात यह है कि चोट गंभीर नहीं थी और इलाज के बाद उन्हें अस्पताल से छुट्टी दे दी गई।

Knews Desk -हॉलीवुड के मशहूर फिल्म निर्देशक माइकल मान के घायल होने की खबर सामने आई है। रिपोर्ट के मुताबिक, शनिवार को अमेरिका के लॉस एंजेलिस में एक गन रेंज में बंदूक रखते समय अचानक गोली चल गई, जिससे उनके पैर में चोट लग गई। घटना के बाद उन्हें तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया। उनके करीबियों ने बताया कि उनकी चोट गंभीर नहीं है और वह ठीक हैं। लॉस एंजेलिस पुलिस डिपार्टमेंट ने भी इस घटना में निर्देशक के घायल होने की पुष्टि की।

बंदूक होल्स्टर में रखते समय हुआ हादसा

बताया जा रहा है कि यह घटना शनिवार शाम करीब 4 बजे हुई। माइकल मान गन रेंज में अपनी बंदूक होल्स्टर में रख रहे थे, तभी अचानक गोली चल गई और उनके पैर में लग गई। घटना के बाद उन्हें तत्काल इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया।

फिल्म निर्देशक के प्रतिनिधियों ने भी उनकी सेहत को लेकर जानकारी साझा की। वैरायटी की रिपोर्ट के मुताबिक, प्रतिनिधियों ने बयान में बताया कि शूटिंग रेंज में बंदूक होल्स्टर में रखते समय अचानक गोली चलने से माइकल मान को मामूली चोट आई। इलाज के बाद उन्हें अस्पताल से छुट्टी दे दी गई।

‘हीट’ और ‘कोलैटरल’ जैसी फिल्मों से बनाई पहचान

माइकल मान हॉलीवुड के जाने-माने निर्देशकों में गिने जाते हैं। उन्होंने अपने करियर में कई चर्चित फिल्मों का निर्देशन किया है। उनकी प्रमुख फिल्मों में ‘थीफ’, ‘मैनहंटर’, ‘द इनसाइडर’, ‘कोलैटरल’ और ‘हीट’ शामिल हैं।

साल 2023 में रिलीज हुई उनकी फिल्म ‘फरारी’ अब तक उनकी आखिरी निर्देशित फिल्म बताई गई है। इस बायोग्राफिकल फिल्म में एडम ड्राइवर और पेनेलोप क्रूज नजर आए थे। फिल्म में इतालवी कार निर्माता एंजो फरारी की कहानी दिखाई गई थी।

माइकल मान इन दिनों अपनी चर्चित क्राइम थ्रिलर फिल्म ‘हीट’ के अगले भाग ‘हीट 2’ पर काम कर रहे हैं। साल 1995 में रिलीज हुई ‘हीट’ में अल पचीनो और रॉबर्ट डी नीरो जैसे दिग्गज कलाकार नजर आए थे।

‘हीट 2’ इसी नाम के उपन्यास पर आधारित होगी, जिसे माइकल मान ने मेग गार्डिनर के साथ साल 2022 में लिखा था। ऐसे में इस हादसे के बाद उनके प्रशंसकों को उनकी सेहत को लेकर राहत मिली है। इलाज के बाद उन्हें अस्पताल से छुट्टी दे दी गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *