WhatsApp Business पर थर्ड पार्टी AI होगा महंगा, Meta AI को मिलेगा फायदा, नया प्राइसिंग मॉडल लागू

KNEWS DESK- Meta के स्वामित्व वाले इंस्टेंट मैसेजिंग प्लेटफॉर्म WhatsApp ने अपने WhatsApp Business API के लिए नया प्राइसिंग मॉडल लागू करने की तैयारी कर ली है, जिससे थर्ड पार्टी AI चैटबॉट्स का इस्तेमाल करने वाली कंपनियों की लागत काफी बढ़ सकती है।

नई व्यवस्था के तहत ChatGPT और Claude जैसे थर्ड पार्टी AI मॉडल्स का उपयोग करके बनाए गए चैटबॉट्स अब पहले की तुलना में ज्यादा महंगे साबित हो सकते हैं। इसका सीधा फायदा Meta के अपने AI सिस्टम को मिलने की संभावना जताई जा रही है।

1 अक्टूबर से लागू होगा नया AI प्राइसिंग मॉडल

रिपोर्ट्स के अनुसार, 1 अक्टूबर 2026 से WhatsApp Business के लिए AI-आधारित बातचीत की लागत में बड़ा बदलाव देखने को मिलेगा। नए मॉडल के तहत थर्ड पार्टी AI बॉट्स का इस्तेमाल करने पर कंपनियों को Meta AI की तुलना में लगभग दोगुना खर्च उठाना पड़ सकता है।

फिलहाल WhatsApp बिजनेस API पर AI एजेंट्स के इस्तेमाल के लिए कोई अलग से शुल्क नहीं लिया जाता, लेकिन नए बदलाव के बाद यह स्थिति बदल जाएगी।

Meta AI बनाम थर्ड पार्टी AI: लागत में बड़ा अंतर

एक अनुमानित कैलकुलेशन के अनुसार, 10,000 मैसेज की जटिल AI बातचीत पर खर्च इस प्रकार हो सकता है—

  • थर्ड पार्टी AI बॉट्स: लगभग 968 डॉलर (करीब 92,000 रुपये)
  • Meta AI आधारित चैटबॉट्स: लगभग 400 से 500 डॉलर (करीब 38,000 से 47,000 रुपये)

इस अंतर के कारण थर्ड पार्टी मॉडल्स जैसे GPT, Claude, Mistral, Qwen और Kimi पर आधारित चैटबॉट्स चलाने वाली कंपनियों पर अतिरिक्त वित्तीय दबाव पड़ सकता है।

स्टार्टअप्स और बिजनेस पार्टनर्स पर असर

इस बदलाव से उन स्टार्टअप्स और कंपनियों पर खास असर पड़ने की आशंका है, जिन्होंने अपने कस्टमर सपोर्ट और ऑटोमेशन के लिए एडवांस AI मॉडल्स का इस्तेमाल किया है।

एक्सपर्ट्स का मानना है कि यह बदलाव छोटे और मिड-लेवल स्टार्टअप्स के लिए चुनौती बन सकता है, क्योंकि बढ़ी हुई लागत उनके बिजनेस मॉडल को प्रभावित कर सकती है। कुछ कंपनियां WhatsApp प्लेटफॉर्म छोड़ने पर भी विचार कर सकती हैं।

टोकन-बेस्ड प्राइसिंग से बढ़ सकता है खर्च

नई प्राइसिंग प्रणाली टोकन-बेस्ड होगी, जिसका मतलब है कि हर मैसेज की जटिलता और लंबाई के आधार पर लागत तय होगी।

विशेषज्ञों के अनुसार, इससे “बिल शॉक” की स्थिति बन सकती है, जहां कंपनियों का खर्च अनुमान से काफी ज्यादा बढ़ सकता है। सरल सवाल और जटिल AI बातचीत के बीच लागत में बड़ा अंतर हो सकता है।

कंपनियों को करनी होगी बेहतर प्लानिंग

एक्सपर्ट्स का कहना है कि कंपनियों को अब अपने AI उपयोग की बेहतर निगरानी करनी होगी। इसमें यूसेज ट्रैकिंग सिस्टम, खर्च अलर्ट सेट करना, फॉलबैक और रूटिंग लॉजिक तैयार करना। यह तय करना कि कब AI जरूरी है और कब साधारण ऑटोमेशन पर्याप्त है। ये सभी कदम अब पहले से ज्यादा जरूरी हो जाएंगे।

WhatsApp Business के नए AI प्राइसिंग मॉडल से जहां Meta के अपने AI सिस्टम को बढ़त मिल सकती है, वहीं थर्ड पार्टी AI पर निर्भर कंपनियों की लागत बढ़ना तय माना जा रहा है। यह बदलाव आने वाले समय में बिजनेस मैसेजिंग और AI इंटीग्रेशन के पूरे इकोसिस्टम को प्रभावित कर सकता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *