नमो भारत और मेट्रो से जुड़ेगा गाजियाबाद, ग्रेटर नोएडा और जेवर एयरपोर्ट; 180 KM/H की रफ्तार से दौड़ेंगी ट्रेनें
Knews Desk- नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट, जेवर को दिल्ली-NCR से जोड़ने की दिशा में एक बड़ा कदम उठाया जा रहा है. NCRTC ने गाजियाबाद से जेवर एयरपोर्ट के बीच प्रस्तावित नमो भारत रैपिड रेल कॉरिडोर की विस्तृत योजना तैयार की है. करीब 72.44 किलोमीटर लंबे इस कॉरिडोर से गाजियाबाद, ग्रेटर नोएडा, नोएडा और जेवर एयरपोर्ट के बीच कनेक्टिविटी आसान हो जाएगी.
प्रस्तावित कॉरिडोर दिल्ली-गाजियाबाद-मेरठ नमो भारत कॉरिडोर के गाजियाबाद स्टेशन से शुरू होकर सीधे जेवर स्थित नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट तक पहुंचेगा. इस पूरे रूट पर नमो भारत के साथ लोकल मेट्रो सेवाएं भी संचालित की जाएंगी.
NCRTC की योजना के मुताबिक, गाजियाबाद से जेवर एयरपोर्ट तक बनने वाले इस कॉरिडोर की कुल लंबाई 72.44 किलोमीटर होगी. इसमें करीब 71.5 किलोमीटर हिस्सा एलिवेटेड होगा, जबकि लगभग 1.29 किलोमीटर का सेक्शन भूमिगत बनाया जाएगा.
इस रूट पर कुल 29 स्टेशन प्रस्तावित हैं. इनमें 11 नमो भारत स्टेशन और 18 लोकल मेट्रो स्टेशन शामिल होंगे. यानी यात्रियों को लंबी दूरी के लिए तेज रफ्तार नमो भारत और आसपास के क्षेत्रों में सफर के लिए मेट्रो की सुविधा मिलेगी.
इन 11 स्टेशनों पर रुकेगी नमो भारत
प्रस्तावित नमो भारत कॉरिडोर में गाजियाबाद (दक्षिण), ग्रेटर नोएडा सेक्टर-2, ग्रेटर नोएडा सेक्टर-3, ग्रेटर नोएडा सेक्टर-12, सूरजपुर, अल्फा-1, इकोटेक-6, दनकौर, यीडा नॉर्थ (सेक्टर-18), यीडा सेंट्रल (सेक्टर-21) और नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट स्टेशन शामिल हैं.
लोकल मेट्रो नेटवर्क के तहत सिद्धार्थ विहार, ग्रेटर नोएडा सेक्टर-16सी, इकोटेक-12, ग्रेटर नोएडा वेस्ट सेक्टर-4, ग्रेटर नोएडा सेक्टर-10, नॉलेज पार्क-5, पुलिस लाइंस सूरजपुर, इकोटेक-2, नॉलेज पार्क-3, ओमेगा-2, फाई-3, इकोटेक-1ई, इकोटेक-8, दादुपुर, जुनेदपुर, यीडा सेक्टर-17, यीडा सेक्टर-15 और यीडा सेक्टर-33 स्टेशन प्रस्तावित हैं.
180 KM/H की रफ्तार से दौड़ेगी ट्रेन
इस कॉरिडोर पर नमो भारत ट्रेन की अधिकतम परिचालन गति 180 किलोमीटर प्रति घंटा प्रस्तावित है. योजना के मुताबिक, गाजियाबाद से जेवर एयरपोर्ट तक का सफर करीब 40 से 50 मिनट में पूरा किया जा सकेगा.
हालांकि, फिलहाल यह परियोजना विस्तृत परियोजना रिपोर्ट (DPR) के स्तर पर है. रूट, स्टेशन और तकनीकी पहलुओं को लेकर अंतिम मंजूरी और अन्य प्रक्रियाएं अभी बाकी हैं.
बहरोड़ तक बढ़ेगा नमो भारत कॉरिडोर
दिल्ली-NCR की कनेक्टिविटी को मजबूत करने के लिए एक अन्य प्रस्ताव पर भी काम आगे बढ़ा है. सराय काले खां से गुरुग्राम और बावल तक प्रस्तावित नमो भारत कॉरिडोर को अब राजस्थान के बहरोड़ तक विस्तार देने की योजना है.
बावल से बहरोड़ के बीच करीब 36 किलोमीटर का नया सेक्शन बनाया जाएगा. इसमें चार नए स्टेशन प्रस्तावित हैं. इस विस्तार पर लगभग 8,000 करोड़ रुपये खर्च होने का अनुमान है और इस दूरी को करीब 24 मिनट में तय करने का लक्ष्य रखा गया है.