Apple Pay की भारत में एंट्री, 12 साल बाद यूजर्स को मिला Tap-to-Pay का तोहफा

KNEWS DESK- Apple Pay ने भारत में अपनी शुरुआत कर दी है। फिलहाल Axis Bank के Visa और Mastercard क्रेडिट कार्ड को Apple Wallet में जोड़कर NFC के जरिए दुकानों पर Tap-to-Pay पेमेंट किया जा सकता है। जानिए कैसे काम करेगा Apple Pay और इसमें कार्ड की जानकारी कितनी सुरक्षित रहेगी।

भारत में Apple यूजर्स का लंबे समय से चला आ रहा इंतजार अब खत्म हो गया है। Apple ने आखिरकार अपनी पेमेंट सर्विस Apple Pay को भारत में लॉन्च कर दिया है। अमेरिका में सितंबर 2014 में पेश किए गए Apple Pay को भारत पहुंचने में करीब 12 साल का समय लगा। फिलहाल कंपनी ने देश में इसकी शुरुआत Axis Bank के साथ की है और शुरुआती चरण में बैंक के Visa और Mastercard क्रेडिट कार्ड को Apple Pay में जोड़ा जा सकता है।

Apple Pay के जरिए यूजर्स अपने iPhone, iPad और Apple Watch का इस्तेमाल करके पेमेंट कर सकेंगे। इसके लिए किसी फिजिकल कार्ड को साथ रखने की जरूरत नहीं होगी। दुकानों पर पेमेंट करने के लिए PoS मशीन में NFC यानी Tap-to-Pay सुविधा उपलब्ध होनी चाहिए। ऐसी मशीन के पास Apple डिवाइस को टैप करके पेमेंट किया जा सकेगा।

Apple Pay का इस्तेमाल केवल फिजिकल स्टोर तक सीमित नहीं है। इसके जरिए ऑनलाइन मर्चेंट्स को पेमेंट करने और ऐप के अंदर खरीदारी के लिए भी भुगतान किया जा सकता है। कंपनी के अनुसार, आगे चलकर Mac डिवाइस के लिए भी Apple Pay सपोर्ट उपलब्ध कराया जाएगा।

Apple Pay में पेमेंट प्रक्रिया को आसान रखने के साथ सुरक्षा पर भी जोर दिया गया है। NFC वाली PoS मशीन पर iPhone या Apple Watch को टैप करने के बाद सामान्य तौर पर अलग से PIN या OTP दर्ज करने की जरूरत नहीं पड़ती। पेमेंट Apple के डिवाइस सिक्योरिटी सिस्टम के जरिए ऑथेंटिकेट होता है।

Apple के मुताबिक, Apple Pay इस्तेमाल करने पर यूजर का वास्तविक कार्ड नंबर डिवाइस में स्टोर नहीं किया जाता और न ही Apple के सर्वर पर रखा जाता है। पेमेंट के दौरान दुकानदार के साथ भी वास्तविक कार्ड नंबर साझा नहीं किया जाता। इसके बजाय Apple एक Device Account Number यानी DAN तैयार करता है, जिसे डिवाइस के Secure Element में सुरक्षित तरीके से रखा जाता है। इस व्यवस्था का उद्देश्य पेमेंट के दौरान वास्तविक कार्ड की जानकारी को सुरक्षित रखना है।

कंपनी का कहना है कि Apple Pay के जरिए किए गए ट्रांजैक्शन की जानकारी Apple अपने पास स्टोर नहीं करता। पेमेंट से संबंधित जानकारी यूजर, मर्चेंट और कार्ड जारी करने वाले बैंक या पेमेंट नेटवर्क के बीच रहती है।

Apple Pay में Axis Bank का कार्ड कैसे जोड़ें?

अगर आपके पास Axis Bank का योग्य Visa या Mastercard क्रेडिट कार्ड है, तो उसे Apple Pay के लिए Apple Wallet में जोड़ा जा सकता है। इसके लिए iPhone में Apple Wallet ऐप खोलकर ‘+’ विकल्प चुनना होगा। इसके बाद स्क्रीन पर दिए गए निर्देशों के अनुसार कार्ड की जानकारी जोड़नी होगी। Axis Bank के ऐप के लेटेस्ट वर्जन के जरिए भी कार्ड को Apple Wallet में जोड़ा जा सकता है।

कार्ड जुड़ने के बाद ऐसी दुकानों पर Apple डिवाइस से पेमेंट किया जा सकेगा, जहां NFC वाली PoS मशीन उपलब्ध है। फिलहाल भारत में Apple Pay की शुरुआत सीमित कार्ड सपोर्ट के साथ हुई है। आगे चलकर इसमें अन्य बैंक, कार्ड और सेवाएं शामिल किए जाने की संभावना है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *