तमिलनाडु सरकार का बड़ा ऐलान, छोटे किसानों का 50 हजार तक का फसल लोन माफ

Knews Desk– तमिलनाडु के मुख्यमंत्री विजय ने राज्य के छोटे किसानों को बड़ी राहत देते हुए कोऑपरेटिव बैंकों से लिए गए 50 हजार रुपये तक के फसल ऋण माफ करने का ऐलान किया है। सरकार के इस फैसले से लाखों किसानों को सीधा फायदा मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।

मुख्यमंत्री विजय ने कहा कि राज्य सरकार किसानों की आर्थिक स्थिति मजबूत करने और खेती को संकट से बाहर निकालने के लिए लगातार कदम उठा रही है। उन्होंने कहा कि छोटे और सीमांत किसान अक्सर कर्ज के बोझ तले दब जाते हैं, ऐसे में यह फैसला उनके लिए राहत भरा साबित होगा।

सरकार के मुताबिक यह ऋण माफी योजना उन किसानों पर लागू होगी, जिन्होंने सहकारी बैंकों से फसल लोन लिया है। योजना के तहत 50 हजार रुपये तक का बकाया कर्ज माफ किया जाएगा। इससे खासतौर पर ग्रामीण इलाकों के किसानों को फायदा मिलेगा, जो खेती के लिए छोटे स्तर पर कर्ज लेते हैं।

मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि योजना का लाभ पात्र किसानों तक जल्द पहुंचाया जाए। साथ ही यह भी सुनिश्चित करने को कहा गया है कि किसानों को प्रक्रिया में किसी प्रकार की परेशानी न हो।

राजनीतिक जानकारों का मानना है कि किसानों को राहत देने वाला यह फैसला राज्य की राजनीति में भी बड़ा असर डाल सकता है। वहीं किसान संगठनों ने सरकार के इस कदम का स्वागत किया है और इसे किसानों के हित में बड़ा फैसला बताया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *