ऑस्ट्रेलिया ने भारत को हराकर सेमीफाइनल से बाहर किया, टी20 वर्ल्ड कप में टीम इंडिया का सफर खत्म

आईसीसी विमेंस टी20 वर्ल्ड कप 2026 में भारतीय महिला क्रिकेट टीम का सफर ग्रुप स्टेज में ही खत्म हो गया। लॉर्ड्स में खेले गए अहम मुकाबले में ऑस्ट्रेलिया ने टीम इंडिया को 6 विकेट से हराकर न सिर्फ मैच जीता बल्कि भारत की सेमीफाइनल की उम्मीदों पर भी पानी फेर दिया। इस हार के साथ हरमनप्रीत कौर की कप्तानी वाली भारतीय टीम टूर्नामेंट से बाहर हो गई, जबकि ऑस्ट्रेलिया ने अजेय रहते हुए सेमीफाइनल में अपनी जगह पक्की कर ली। वहीं इस परिणाम के बाद साउथ अफ्रीका ने भी बेहतर नेट रनरेट के आधार पर अंतिम चार में प्रवेश कर लिया।

मैच से पहले स्थिति बेहद रोमांचक थी, क्योंकि ऑस्ट्रेलिया पहले ही सेमीफाइनल में पहुंच चुकी थी और दूसरे स्थान के लिए भारत तथा साउथ अफ्रीका के बीच सीधी टक्कर थी। भारत को आगे बढ़ने के लिए सिर्फ जीत की जरूरत थी, लेकिन टीम यह मौका भुना नहीं सकी। टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए भारत की शुरुआत अच्छी रही। स्मृति मंधाना और शेफाली वर्मा ने तेज शुरुआत दी, जिसमें शेफाली ने 34 रनों की उपयोगी पारी खेली। हालांकि पावरप्ले के बाद रन गति धीमी पड़ गई और 10वें ओवर में 66 रन पर पहली बड़ी साझेदारी टूट गई। इसके बाद 12वें ओवर में स्मृति मंधाना 38 रन बनाकर रन आउट हो गईं।इसके बाद कप्तान हरमनप्रीत कौर और जेमिमा रोड्रिग्स ने पारी को संभाला। जेमिमा ने 34 रन बनाए, जबकि हरमनप्रीत कौर ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए 25 गेंदों में 56 रनों की तेज पारी खेली और आखिरी ओवर में लगातार तीन छक्के जड़े। उनकी इस पारी की बदौलत भारत ने 170 रनों का मजबूत स्कोर खड़ा किया। हालांकि यह स्कोर भी ऑस्ट्रेलिया की मजबूत बल्लेबाजी के सामने छोटा साबित हुआ।

लक्ष्य का पीछा करते हुए ऑस्ट्रेलिया की शुरुआत भले ही धीमी रही और शुरुआती ओवरों में एक विकेट गिर गया, लेकिन इसके बाद टीम ने संयम के साथ पारी को आगे बढ़ाया। 10वें ओवर तक ऑस्ट्रेलिया का स्कोर 68 रन था और मुकाबला बराबरी पर नजर आ रहा था। लेकिन इसके बाद एलिस पैरी और ऐश्ली गार्डनर ने मैच का रुख पूरी तरह बदल दिया। दोनों बल्लेबाजों ने भारतीय गेंदबाजों पर आक्रामक प्रहार करते हुए 100 रनों की नाबाद साझेदारी की और जीत लगभग तय कर दी। एलिस पैरी ने 38 गेंदों में 56 रन बनाए जबकि गार्डनर ने 29 गेंदों में 53 रन की तूफानी पारी खेली। दोनों की शानदार बल्लेबाजी की बदौलत ऑस्ट्रेलिया ने 19वें ओवर में ही लक्ष्य हासिल कर लिया और भारत का सफर वर्ल्ड कप में समाप्त हो गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *