Knews Desk – आइची-नागोया में चल रहे एशियन गेम्स 2026 के छठे दिन भारत को सुबह-सुबह दोहरी सफलता मिली। स्क्वॉश में भारत की अनुभवी खिलाड़ी जोशना चिनप्पा और उनके जोड़ीदार वेलाविन सेंथिलकुमार ने फिलीपींस की जोड़ी को 2-0 से हराकर सेमीफाइनल में जगह बनाई। इसके साथ ही भारत का मौजूदा एशियन गेम्स में स्क्वॉश का पहला मेडल पक्का हो गया। लगातार छठे दिन भारत के खाते में मेडल आने का सिलसिला भी जारी रहा।
जोशना चिनप्पा के लिए यह मेडल बेहद खास है। 40 साल की उम्र में वह लगातार पांचवें एशियन गेम्स में मेडल जीतने में सफल रही हैं। 2010 में पहली बार एशियन गेम्स में मेडल जीतने वाली जोशना ने 2014, 2018 और 2022 में भी मेडल अपने नाम किया था। अब 2026 में भी उन्होंने यह सिलसिला जारी रखा है। हालांकि, अब नजर इस बात पर होगी कि क्या जोशना पहली बार एशियन गेम्स में गोल्ड मेडल जीतने में सफल होती हैं।
वहीं, एशियन गेम्स के छठे दिन भारत को टेबल टेनिस में भी बड़ी सफलता मिली। मिक्स्ड डबल्स के क्वार्टर फाइनल में भारत की दो जोड़ियां उतरी थीं। हरमीत देसाई और यशस्वनी घोरपड़े की जोड़ी को ताइवान के खिलाफ हार का सामना करना पड़ा, लेकिन दिया चिताले और मानुष शाह की जोड़ी ने शानदार प्रदर्शन करते हुए सेमीफाइनल में जगह बना ली।
दिया चिताले और मानुष शाह ने क्वार्टर फाइनल में दुनिया की चौथी रैंक वाली हॉन्ग कॉन्ग की जोड़ी वॉन्ग चुन टिम और डू होई केम को 3-1 से हराकर बड़ा उलटफेर किया। भारतीय जोड़ी ने पहला, तीसरा और चौथा गेम अपने नाम किया। मैच का स्कोर 11-6, 13-15, 11-9, 11-5 रहा।
इस जीत के साथ एशियन गेम्स के मिक्स्ड डबल्स में भारत का मेडल पक्का हो गया है। 2018 के एशियन गेम्स के बाद यह दूसरी बार है, जब भारत इस इवेंट में मेडल जीतने जा रहा है। यानी छठे दिन भारत ने स्क्वॉश और टेबल टेनिस में दो और मेडल पक्के कर अपने अभियान को और मजबूत कर लिया है।