ग्लासगो में होगा भारत-पाकिस्तान का बॉक्सिंग मुकाबला? फाइनल की राह पर दोनों मुक्केबाज

Knews Desk– कॉमनवेल्थ गेम्स 2026 में भारत और पाकिस्तान के बीच एक बड़ा मुकाबला देखने को मिल सकता है। ग्लासगो में चल रहे खेलों में बॉक्सिंग रिंग के अंदर दोनों देशों के खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन किया है। अब ऐसी स्थिति बन रही है कि अगर दोनों मुक्केबाज अपने-अपने सेमीफाइनल मुकाबले जीतने में सफल रहते हैं तो 1 अगस्त को भारत और पाकिस्तान के बीच गोल्ड मेडल के लिए फाइनल मुकाबला हो सकता है।यह मुकाबला खास इसलिए भी होगा क्योंकि भारत और पाकिस्तान के बीच खेलों में होने वाली टक्कर हमेशा से ही दर्शकों के लिए रोमांच से भरी रही है। बॉक्सिंग रिंग में दोनों देशों के खिलाड़ी अपनी पूरी ताकत और रणनीति के साथ उतरते हैं। इस बार कॉमनवेल्थ गेम्स में महिला 60 किलोग्राम भार वर्ग में भारत और पाकिस्तान की मुक्केबाजों ने फाइनल की उम्मीदों को मजबूत कर दिया है।

पाकिस्तान की बॉक्सर फातिमा जाहरा ने क्वार्टर फाइनल मुकाबले में न्यूजीलैंड की जॉर्डन विल्सन को एकतरफा अंदाज में हराया। उन्होंने शानदार तकनीक और आक्रामक खेल दिखाते हुए 5-0 से जीत दर्ज की और सेमीफाइनल में अपनी जगह बनाई। दूसरी तरफ भारत की प्रिया घांघस ने भी बेहतरीन प्रदर्शन किया। उन्होंने घरेलू दर्शकों के सामने खेल रही स्कॉटलैंड की नियाह मिचेल को 4-1 से हराकर अंतिम चार में जगह बनाई।अब दोनों खिलाड़ियों की नजरें फाइनल में पहुंचने पर हैं। अगर प्रिया घांघस और फातिमा जाहरा अपने-अपने सेमीफाइनल मुकाबले जीत जाती हैं तो कॉमनवेल्थ गेम्स 2026 में भारत-पाकिस्तान की महिला बॉक्सिंग फाइनल में आमने-सामने की भिड़ंत तय हो सकती है। इस मुकाबले में सिर्फ गोल्ड मेडल ही दांव पर नहीं होगा, बल्कि दोनों देशों के खिलाड़ियों के लिए यह प्रतिष्ठा की लड़ाई भी होगी।

इससे पहले भारत और पाकिस्तान के बीच बॉक्सिंग मुकाबले का रोमांच देखने को मिल चुका है। भारत के जादूमणि सिंह ने राउंड ऑफ 16 मुकाबले में पाकिस्तान के बॉक्सर सुमामा रहमान को हराकर भारतीय फैंस को खुशी का मौका दिया था। उनके प्रदर्शन ने भारतीय बॉक्सिंग टीम के आत्मविश्वास को और बढ़ाया है।

कॉमनवेल्थ गेम्स जैसे बड़े मंच पर भारत लगातार बॉक्सिंग में अच्छा प्रदर्शन करता आया है। भारतीय मुक्केबाजों ने पिछले कई वर्षों में अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बनाई है और इस बार भी टीम इंडिया से पदक की उम्मीदें काफी ज्यादा हैं। वहीं पाकिस्तान के खिलाड़ी भी इस टूर्नामेंट में मजबूत चुनौती पेश कर रहे हैं।भारत-पाकिस्तान फाइनल की संभावना ने खेल प्रेमियों का उत्साह बढ़ा दिया है। अब सभी की नजरें 31 जुलाई के सेमीफाइनल मुकाबलों पर टिकी हैं, जहां यह तय होगा कि क्या 1 अगस्त को ग्लासगो की बॉक्सिंग रिंग में दोनों पड़ोसी देशों के बीच गोल्ड मेडल के लिए महामुकाबला देखने को मिलेगा या नहीं।