POK Election 2026: बिलावल के धांधली आरोपों पर मरियम नवाज का पलटवार, बोलीं- हार स्वीकार करना सीखें

POK Election 2026: पाकिस्तान अधिकृत कश्मीर चुनाव में धांधली के आरोपों पर मरियम नवाज ने बिलावल भुट्टो को करारा जवाब दिया। जानिए क्या कहा और शुरुआती नतीजों में किसे मिली बढ़त।

Knews Desk- पाकिस्तान अधिकृत कश्मीर (POK) विधानसभा चुनाव के पहले चरण के नतीजे आने के साथ ही राजनीतिक बयानबाजी तेज हो गई है। पाकिस्तान की पंजाब प्रांत की मुख्यमंत्री मरियम नवाज ने पाकिस्तान पीपुल्स पार्टी (PPP) के अध्यक्ष बिलावल भुट्टो जरदारी द्वारा लगाए गए चुनावी धांधली के आरोपों को खारिज करते हुए कहा कि हार के बाद बेबुनियाद आरोप लगाने के बजाय जनता के फैसले का सम्मान करना चाहिए।

मरियम नवाज ने एक वीडियो संदेश में कहा कि चुनाव का फैसला मतदाता करते हैं, कोई सरकारी संस्था नहीं। उन्होंने कहा कि “रोने-धोने से कुछ नहीं होगा, लोकतंत्र में हार-जीत को स्वीकार करना ही राजनीतिक परिपक्वता की निशानी है।”

इससे पहले बिलावल भुट्टो जरदारी ने POK चुनाव की निष्पक्षता पर सवाल उठाए थे। उनका कहना था कि उनकी पार्टी को जनता का भरपूर समर्थन मिला था, लेकिन चुनावी प्रक्रिया में कथित गड़बड़ियों के कारण अपेक्षित परिणाम नहीं मिल सके। उन्होंने यह भी कहा कि राष्ट्रीय हित किसी एक राजनीतिक दल के हित से ऊपर होना चाहिए।

प्रारंभिक चुनावी परिणामों के अनुसार, पाकिस्तान मुस्लिम लीग-नवाज (PML-N) ने नौ सीटों पर जीत दर्ज की है। वहीं, मीरपुर क्षेत्र की 13 सीटों में से पाकिस्तान पीपुल्स पार्टी (PPP) को चार सीटों पर सफलता मिली है।

मरियम नवाज ने कहा कि अब तक चुनावी धांधली का कोई ठोस प्रमाण सामने नहीं आया है। उन्होंने सभी राजनीतिक दलों से अपील की कि वे जनता के जनादेश का सम्मान करें और अपनी हार के कारणों की समीक्षा करें, बजाय इसके कि बिना सबूत आरोप लगाए जाएं।

मरियम नवाज ने PPP पर हमला बोलते हुए कहा कि सिंध में वर्षों से सत्ता में रहने के बावजूद पार्टी कानून-व्यवस्था, स्वच्छता और बुनियादी सुविधाओं में अपेक्षित सुधार नहीं कर सकी। उन्होंने आरोप लगाया कि बिलावल भुट्टो अपने चुनाव प्रचार में सरकार की उपलब्धियों और भविष्य की योजनाओं को प्रभावी ढंग से जनता के सामने नहीं रख पाए।

पाकिस्तान के योजना मंत्री अहसान इकबाल और संसदीय मामलों के मंत्री तारिक फजल चौधरी ने भी PPP के धांधली के आरोपों को खारिज किया। दोनों नेताओं ने कहा कि PML-N को जनता का स्पष्ट जनादेश मिला है और चुनाव परिणामों का सम्मान किया जाना चाहिए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *