ISSF World Cup: ईशा सिंह ने मनु भाकर को पछाड़कर जीता गोल्ड, भारत के नाम दो पदक

Knews Desk- भारत की युवा निशानेबाज ईशा सिंह ने हांग्जो में आयोजित ISSF विश्व कप की महिलाओं की 25 मीटर पिस्टल स्पर्धा में शानदार प्रदर्शन करते हुए स्वर्ण पदक अपने नाम किया। फाइनल में उन्होंने ओलंपिक पदक विजेता मनु भाकर को पीछे छोड़ दिया। वहीं, मनु भाकर ने कांस्य पदक जीतकर भारत की झोली में दूसरा मेडल डाला।

हांग्जो में भारत की महिला पिस्टल टीम ने एक बार फिर अपनी मजबूत मौजूदगी दर्ज कराई। 21 वर्षीय ईशा सिंह ने दबाव भरे मुकाबले में बेहतरीन संयम दिखाया और फाइनल में सबसे ज्यादा 40 हिट लगाकर स्वर्ण पदक जीत लिया। दूसरी ओर, मनु भाकर ने कांस्य पदक के लिए कड़े मुकाबले में शानदार वापसी करते हुए पोडियम पर जगह बनाई।

क्वालिफिकेशन राउंड में भारतीय खिलाड़ियों का प्रदर्शन शानदार रहा। मनु भाकर ने 586-20x के स्कोर के साथ पहला स्थान हासिल किया, जबकि ईशा सिंह 585-18x के साथ दूसरे स्थान पर रहीं। पूर्व एशियाई खेल चैंपियन राही सरनोबत ने 582-16x का स्कोर बनाया। वहीं, सिमरनप्रीत कौर बराड़ और अभिज्ञा अशोक पाटिल ने ‘रैंकिंग प्वाइंट्स ओनली’ (RPO) श्रेणी में हिस्सा लेते हुए अच्छा प्रदर्शन किया।

फाइनल में ईशा का शानदार प्रदर्शन

निर्णायक मुकाबले में ईशा सिंह शुरुआत से ही लय में नजर आईं। उन्होंने पूरे फाइनल के दौरान धैर्य बनाए रखा और 40 हिट के साथ स्वर्ण पदक पर कब्जा जमाया। मनु भाकर ने कांस्य पदक के लिए हुए शूट-ऑफ में जीत हासिल की और कुल 28 हिट के साथ तीसरे स्थान पर रहीं।

https://www.instagram.com/reel/DbSXHC1IssH/?utm_source=ig_web_copy_link&igsh=MzRlODBiNWFlZA==

म्यूनिख विश्व कप में रिकॉर्डतोड़ प्रदर्शन के बाद ईशा सिंह पर इस टूर्नामेंट में भी उम्मीदों का दबाव था। मुकाबले के बाद उन्होंने कहा कि पिछली सफलता के कारण इस बार मानसिक चुनौती ज्यादा थी, लेकिन वह खुद को संभालने में सफल रहीं। उन्होंने यह भी कहा कि हांग्जो उनके लिए खास जगह है, क्योंकि 2023 एशियाई खेलों में भी उन्होंने यहां चार पदक जीते थे।

मनु भाकर ने क्या कहा?

मनु भाकर इस बार स्वर्ण पदक नहीं जीत सकीं, लेकिन उन्होंने कांस्य पदक को भी अहम उपलब्धि बताया। पेरिस ओलंपिक की दोहरी पदक विजेता मनु ने कहा कि इस प्रतियोगिता से उन्हें अपनी तैयारियों का सही आकलन करने का मौका मिला। उनका मानना है कि यहां मिला अनुभव आगामी विश्व चैंपियनशिप और एशियाई खेलों जैसे बड़े टूर्नामेंट में काफी मददगार साबित होगा।

ईशा सिंह की लगातार दूसरी विश्व कप सफलता और मनु भाकर का एक और पोडियम फिनिश यह साबित करता है कि भारतीय महिला निशानेबाजी विश्व स्तर पर लगातार मजबूत होती जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *