KNEWS DESK– मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शुक्रवार को लखनऊ में नियुक्ति पत्र वितरण कार्यक्रम के दौरान सपा और बसपा पर निशाना साधा। उन्होंने दावा किया कि दोनों पार्टियों ने अपने पूरे कार्यकाल में जितनी नौकरियां नहीं दीं, उससे दोगुने नियुक्ति पत्र उनकी सरकार ने अकेले बांट दिए हैं। उन्होंने कहा कि 1947 से लंबे समय तक कांग्रेस की सरकार रही और इसके बाद सपा-बसपा ने सात बार सरकार बनाई, लेकिन उनके कार्यकाल में जितने नियुक्ति पत्र नहीं बांटे गए, उससे दोगुने उनकी सरकार ने दिए हैं।
सीएम योगी ने कहा कि अगले सप्ताह 8 हजार लेखपाल, 42 हजार होमगार्ड और 2 हजार शिक्षकों को नियुक्ति पत्र दिए जाएंगे। उन्होंने सपा के 30 लाख युवाओं को सरकारी नौकरी देने के वादे पर सवाल उठाते हुए कहा कि सत्ता में रहते हुए उन्होंने क्या किया, यह भी बताना चाहिए।
मुख्यमंत्री ने शुक्रवार को लखनऊ में 1,594 नवनियुक्त युवाओं को नियुक्ति पत्र वितरित किए। इनमें 201 ऑडिटर और 1,393 असिस्टेंट अकाउंटेंट शामिल हैं। उन्होंने कहा कि 2017 से पहले प्रदेश में भर्ती और विकास पर परिवारवाद तथा भ्रष्टाचार हावी था। युवाओं का पलायन होता था और कानून-व्यवस्था की स्थिति भी खराब थी।
योगी ने आरोप लगाया कि पिछली सरकार में चाचा-भतीजे की जोड़ी भ्रष्टाचार में लिप्त थी और विकास के लिए आने वाला पैसा भी लूट लिया जाता था। उन्होंने कहा कि अब पारदर्शी व्यवस्था में योग्य युवाओं को बिना भेदभाव नौकरी मिल रही है। मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि उनकी सरकार की रफ्तार और नियुक्तियों की संख्या को ‘सैफई सिंडिकेट’ पचा नहीं पाएगा।