बिग बॉस 20 में कनिका मान और गुल्लू की दोस्ती एक बार फिर चर्चा में आ गई है। कैप्टेंसी टास्क के दौरान गुल्लू ने कनिका मान के लिए कप्तानी की कुर्सी छोड़ दी, जिसके बाद कनिका काफी इमोशनल हो गईं और वॉशरूम में जाकर रोने लगीं।
Knews Desk – कलर्स टीवी और जियो हॉटस्टार के रियलिटी शो ‘बिग बॉस 20’ में कनिका मान और गुल्लू की दोस्ती एक बार फिर सुर्खियों में है। शो के शुरुआती दिनों से साथ खड़े नजर आ रहे इन दोनों के बीच कैप्टेंसी टास्क के दौरान एक ऐसा पल आया, जिसने कनिका को अंदर से झकझोर दिया और वे खुद को संभाल नहीं पाईं।
सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक, घर में हुए कैप्टेंसी टास्क के दौरान कंटेस्टेंट्स को ‘टीम ए’ और ‘टीम बी’ में बांटा गया था। गुल्लू, कनिका मान और स्काउट ओपी एक ही टीम में थे और उनकी टीम ने मुकाबला जीत लिया। टास्क जीतने के बाद बिग बॉस ने तीनों को घर का नया कैप्टन चुनने का मौका दिया।
चूंकि स्काउट ओपी पहले से मिली सजा के चलते कैप्टन नहीं बन सकते थे, ऐसे में गुल्लू ने आगे बढ़कर कनिका मान को कैप्टन बनाने की इच्छा जताई। वहीं कनिका चाहती थीं कि गुल्लू कैप्टन बनें। आखिरकार स्काउट ने भी कनिका का समर्थन किया और गुल्लू ने अपनी दोस्ती निभाते हुए उनके लिए कैप्टेंसी छोड़ दी।
ये जानते ही कि गुल्लू ने उनके लिए कप्तानी की कुर्सी छोड़ दी है, कनिका मान काफी इमोशनल हो गईं। वे वॉशरूम में चली गईं और वहां भावुक होकर रोने लगीं। इस दौरान लवप्रीत वॉशरूम के बाहर खड़ी होकर उन्हें शांत कराने और संभालने की कोशिश करती दिखीं।
कनिका मान के कैप्टन बनने के बाद बिग बॉस के घर के समीकरणों में बदलाव देखने को मिल सकता है। हाल के दिनों में कनिका की माही विज, काजी तौकीर और आम्रपाली दुबे जैसे कंटेस्टेंट्स के साथ तीखी बहस और तकरार देखने को मिली है। ऐसे में कप्तानी की जिम्मेदारी संभालने के बाद घर के भीतर नए टकराव और ड्रामा के आसार बने हुए हैं।
हालांकि कनिका के कप्तान बनने से बिग बॉस के फैन्स खुश नहीं हैं। उनका मानना है कि जहां एक तरफ शो फिनाले के करीब आ रहा है, वहीं बिना कुछ किए सिर्फ सोफे में बैठकर लोगों की चुगली करने वाली कनिका को कप्तानी मिलना कई लोगों को पसंद नहीं आ रहा है।